आगरालीक्स…(13 January 2022 Agra News) आगरा में सात फुट लंबा अजगर स्टोर रूम में था. देखते ही छूट गए पसीने..ऐसे पकड़ा गया…
ट्रांसपोर्ट नगर, आगरा स्थित सिंचाई और जल संसाधन विभाग के अंतर्गत आने वाले नलकूप खंड में एक पाइप के अंदर फसें सात फुट लंबे अजगर को वाइल्डलाइफ एसओएस ने बचाया। फिलहाल अजगर को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और फिट होने पर जल्द ही उसे वापस जंगल में छोड़ दिया जाएगा। पूरे उत्तरी भारत में शीत लहर का प्रकोप जारी है, जिसने विभिन्न सांप की प्रजातियों को जंगल से बाहर निकलने और दूसरी जगह आश्रय लेने पर मजबूर कर दिया है।
ऐसी ही एक घटना में, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित नलकूप खंड (सिंचाई और जल संसाधन विभाग) के कर्मचारी स्टोर रूम के अंदर एक विशाल अजगर देख भयभीत हो उठे। वाइल्डलाइफ एसओएस टीम को उनके हेल्पलाइन (+91-9917109666) पर इसकी जानकारी दी गई, जिसके तुरंत बाद दो सदस्यीय टीम को स्थान पर भेजा गया। नलकूप खंड, सिंचाई और जल संसाधन विभाग के अंतर्गत काम करता है, जो उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा विनियमित और मॉनिटर किया जाता है।
असिस्टेंट प्रोजेक्ट्स मेनेजर, हरि शंकर गुप्ता ने बताया, “हमारे कर्मचारियों ने पहले स्टोर रूम के दरवाजे के पास अजगर को देखा, जो बाद में अंदर घुस गया और अंत में अंदर रखे एक खाली पानी के पाइप में जा फंसा। हम वाइल्डलाइफ एसओएस टीम के आभारी हैं, जिन्होंने त्वरित प्रतिक्रिया दी।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, “सर्दियों के दौरान, सांप अक्सर गर्म स्थानों की तलाश में जंगल से बाहर निकलते हैं। साँपों के शरीर का तापमान पर्यावरण के साथ बदलता रहता है, इसलिए यदि वे बहुत गर्म या बहुत ठंडे हो जाते हैं, तो वे अपने तापमान को स्वयं नियंत्रित करने में असमर्थ होते हैं। हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि इस तरह की किसी भी घटना की सूचना हमारी हेल्पलाइन पर दें।”
वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स, बैजूराज एम.वी, ने कहा, “अजगर की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण थी और हमारे प्रशिक्षित बचाव दल ने सांप को पाइप से निकालते समय सभी सुरक्षा उपायों का पालन किया। यह जरूरी है कि हम जंगली जानवरों की उपस्थिति के प्रति संवेदनशील रहें और सह-अस्तित्व सीखें।”