आगरालीक्स..(Agra News 23rd September). आगरा के स्कूल में शिक्षिकाओं की पार्टी, जे मैनू यार ना मिले ते मर जावां गाने पर किया डांस, विभाग की छवि धूमिल करने पर शिक्षिकाओं को नोटिस.
आगरा के अछनेरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय का बुधवार को वीडियो वायरल हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्कूल के एक कमरे में शिक्षिकाएं बालीवुड के गानों पर डांस करती दिखाई दे रही हैं। एक के बाद एक कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो में जे मैनू यार ना मिले ते मर जावां सहित अन्य गानों पर शिक्षिकाएं डांस करती दिखाई दे रही हैं।
छात्रों को एक कमरे में बिठाकर पार्टी करने के आरोप
वीडियो वायरल होने के साथ ही शिक्षिकाओं पर आरोप लगाए गए हैं कि उन्होंने कक्षा के समय बच्चों को एक कमरे में बिठा दिया। शिक्षिकाएं दूसरे कमरे में चली गईं और पार्टी की, गानों पर डांस किया।

शिक्षिकाओं को दिया नोटिस मांगा जवाब
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी अछनेरा ने शिक्षिकाओं को नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है, यह वीडियो कक्षा का है। जिसमें कोई भी छात्र उपस्थित नहीं है। जो गाना बजाया जा रहा है वह भी शिक्षाप्रद नहीं है। इस प्रकार का डांस और गाना विद्यालय परिसर में शिक्षिका के द्वारा किया जाना विभाग की छवि धूमिल करता है। इस मामले में शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्य को नोटिस देकर दो दिन में स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।
जवाब न देने पर होगी विभागीय कार्रवाई
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि दो दिन में जवाब न देने पर दोनों शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्य के विरुदृध विभागीय छवि धूमिल करने के लिए विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।