यूपीलीक्स…यूपी में जुमे की नमाज के बाद कई शहरों में हिंसा के बाद एक्शन में योगी सरकार. अब तक 237 अरेस्ट. सीएम योगी की कड़ी चेतावनी—ऐसी कार्रवाई हो कि वो नजीर बने…
शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद यूपी के प्रयागराज, कानपुर, फिरोजाबाद, देवबंद, मुरादाबाद, सहारनपुर सहित कई जिलों में हुई हिंसा, बवाल, पथराव व आगजनी के खिलाफ अब योगी सरकार एक्शन में आ गई है. हिंसा करने वाले आरोपियों को सीसीटीवी, फोटोज के जरिए चिन्हित किया जा रहा है. इस मामले में अभी तक 237 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि कल जो घटना हुई, इसमें कुछ जनपदों में कुछ व्यक्तियों ने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की, जिनकी पहचान की जा चुकी है. उनकी गिरफ्तारी बहुत जेजी से की जा रही है.
सीएम योगी का सख्त रुख
प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विगत दिनों कानपुर, प्रयागराज, सहारनपुर, मुरादाबाद, हाथरस, फिरोजाबाद, अंबेडकरनगर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में असामाजिक तत्वों द्वारा सामाजिक शांति-सौहार्द के माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया गया. इससे पहले 03 जून को कानपुर में भी ऐसी ही कोशिश की गई थी. समाजविरोधी कुत्सित प्रयासों पर उत्तर प्रदेश पुलिस व प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई है.
सीएम ने कहा कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हमें हर परिस्थितियों के लिए तैयार रहना होगा. पुलिस और प्रशासन हर समय अलर्ट रहे. यह दुःखद है कि साजिशकर्ताओं ने अपने कुत्सित उद्देश्यों के लिए किशोरवय युवाओं को सहारा बनाया. ऐसे में मुख्य साजिशकर्ता की पहचान जरूरी है. यह समझना होगा कि असामाजिक तत्वों द्वारा ऐसे प्रयास आने वाले दिनों में फिर से हो सकते हैं. इन लोगों का उद्देश्य प्रदेश के शांति-सौहार्द को बिगाड़ना है. हमें एक टीम के रूप में काम करते हुए ऐसी कोशिशों को नाकाम करना होगा. हम एक लोकतांत्रिक देश के नागरिक हैं. ऐसे में हमें सभी पक्षों से संवाद बनाए रखना होगा.
सीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि धर्मगुरुओं/सिविल सोसाइटी से सतत संवाद-संपर्क बनाए रखें. इसके साथ ही उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रखी जाए. कार्रवाई ऐसी हो जो असामाजिक सोच रखने वाले सभी तत्वों के लिए एक नजीर बने माहौल बिगाड़ने के बारे में कोई सोच भी न सके. ऐसे में संवाद और सेक्टर स्कीम लागू की जाए. कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए फील्ड के अधिकारियों के पास सभी तरह के निर्णय लेने का अधिकार है. स्थानीय स्थिति-परिस्थिति को देखते हुए अपने यथोचित निर्णय लें. जिन भी जनपदों में आने वाले दिनों में माहौल बिगड़ने की आशंका हो, वहां आवश्यकतानुसार धारा 144 प्रभावी की जाए. प्रत्येक दशा में सार्वजनिक/आमजन की संपत्ति को हुई क्षति की वसूली संबंधित दोषी व्यक्ति से ही कराई जाए. प्रयागराज में वसूली की नोटिस भेजे जाने का कार्य प्रारंभ हो गया है. अन्य जनपद भी तत्परता के साथ कार्य करें। इस बाबत ट्रिब्यूनल गठित है, नियम-संगत कठोरतम कार्रवाई की जाए.
सीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं. माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए. एक भी निर्दोष को छेड़ें नहीं और किसी दोषी को छोड़ें नहीं. संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए. हर दिन सायंकाल पुलिस बल पैदल पेट्रोलिंग जरूर करे. PRV 112 एक्टिव रहे. अवैध कमाई समाज-विरोधी कार्यों में ही खर्च होती है। ऐसे में साजिशकर्ताओं/अभियुक्तों के बैंक खातों/संपत्ति आदि का पूरा विवरण एकत्रित करें। इनके वित्तीय स्रोत की गहनता से पड़ताल की जाए. डेडिकेटेड टीम बनाकर जांच करें। ऐसे प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें. साजिशकर्ताओं/अभियुक्तों की पहचान कर यथाशीघ्र गिरफ्तारी की जाए. CCTV फुटेज की गहनता से जांच करें. ऐसे लोगों के विरुद्ध NSA अथवा गैंगस्टर के नियमों के तहत नियम-संगत कार्यवाही की जाए.