आगरालीकस…(22 July 2021 Agra News) आगरा में दर्दनाक घटना. बाइक से एक्सप्रेस वे पर पहुंचा युवक. निकाला पेट्रोल और खुद पर डालकर लगा ली आग. लोग बुझाते तब तक हो गई मौत
आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे का मामला
आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गुरुवार दोपहर को दर्दनाक हादसा घटित हो गया. डौकी के पास यहां एक बाइक सवार युवक ने गाड़ी को रोककर पहले उसमें से पेट्रोल निकाला और फिर पेट्रोल को अपने ऊपर छिड़ककर खुद को आग लगा दी. आसपास से गुजर रहे लोग जब तक उसको बचाते तब तक युवक आग की लपटों से बुरी तरह घिर चुका था और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने युवक की पहचान बाइक में मिले कुछ कागजों के आधार पर कर ली है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया है.
दोपहर डेढ़ बजे की घटना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक युवक ने बाइक से पेट्रोल निकाला और उसे अपने ऊपर डालकर खुद को आग लगा ली. इससे वहां से गुजर रहे वाहन सवार व अन्य लोग भौंचक्के रह गए. युवक थोड़ी ही देर में बुरी तरह से आग की लपटों से घिर गया. इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी आग बुझाने की कोशिश की लेकिन जब तक आग पर काबू पाते तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने युवक की बाइक के थैले की तलाशी ली तो उसमें पासबुक मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दी. मृतक युवक का नाम शरद गोस्वामी पुत्र मोहनलाल गोस्वामी निवासी गोविंद नगर मथुरा है. सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए. युवक ने आत्मदाह क्यों किया, इसका कारण परिजन भी नहीं बता सके हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.