आगरालीक्स…(22 July 2021 News) खेलों का सबसे बड़ा महाकुंभ कल से. 11 हजार से ज्यादा खिलाड़ी. भारतीय दल के ध्वजवाहक होंगे मैरीकॉम और मनप्रीत सिंह
मैरीकॉम और मनप्रीत होंगे भारतीय ध्वजवाहक
खेलों का महाकुंभ ओलंपिक कल से शुरू होने जा रहा है. जापान की राजधानी टोक्यों में कल से शुरू हो रहे इस महाकुंभ में 11 हजार से अधिक खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं. सभी टोक्यों पहुंच चुके हैं. शुक्रवार को इस बड़े विश्वस्तरीय टूर्नामेंट का उद्घाटन कई तरह की पाबंदियों के बीच आयोजित किया जाएगा. टोक्यो ओलंपिक का उद्घाटन समारोह भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से होगा. टोक्यो 2020 ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के मार्चपास्ट में भारतीय दल 21वें नंबर पर रहेगा। भारतीय दल के ध्वजवाहक मुक्केबाज मैरी कॉम और हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह रहेंगे. उद्घाटन समारोह में भारत के सात खेलों के 20 खिलाड़ी और छह अधिकारी हिस्सा लेंगे.
पहले दिन भारत के इन खिलाड़ियों का होगा प्रदर्शन
उद्घाटन समारोह के पहले दिन भारत की ओर से आर्चरी और मुक्केबाजी में भारतीय खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे. आर्चरी में इस इवेंट में भारत के महिला और पुरुष दोनों खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे. पुरुषों में तरुणदीप राय, अतनु दास और प्रवीण जाधव से काफी उम्मीदें हैं. ये तीनों टीम इवेंट में भी हिस्सा लेंगे. वहीं, महिला कैटेगिरी की कमान दीपिका कुमारी के हाथ है. वहीं मुक्केबाजी में भारत के 9 महिला और पुरुष मुक्केबाजों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए विभिन्न कैटेगरी में क्वालीफाई किया है.