आगरालीक्स…(7 December 2021 Agra News) आगरा में 12 दिसंबर को 1100 लड़कियों का हो रहा है विवाह..सीएम योगी भी आ रहे हैं. रजिस्ट्रेशन कराएं तो वर—वधु को मिलेगा ये सबकुछ…
कोठी मीना बाजार में हो रहा आयोजन
आगरा में 12 दिसंबर का दिन बहुत खास होने जा रहा है. खास इसलिए क्योंकि इस दिन आगरा के कोठी मीना बाजार में श्रमिकों की 1100 बेटियों का विवाह होगा. सुबह से शाम तक शहनाई ही गूंजती रहेगी. इस आयोजन को खास बनाने खुद सीएम योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं जो कि यहां पहुंचकर वर—वधु को आशीर्वाद देंगे. इनके अलावा श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी यहां मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे.
रजिस्ट्रेशन कराने पर वर—वधु को मिलेगा ये सामान
उप श्रमायुक्त धर्मेंद्र कुमार सिंह ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि 12 दिसंबर को उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिकों की 1100 बेटियों का विवाह किया जाएगा. इसके लिए मंडल के चार जिलों से रजिस्ट्रेशन हुए हैं. रजिस्ट्रेशन के लिए लड़की की उम्र 18 तथा लड़के की उम्र 21 होना जरूरी है. शादी से पहले वर—वधु को पांच—पांच हजार रुपये उनके कपड़े खरीदने के लिए दिए जाएंगे और विवाह के बाद 65 हजार रुपये श्रमिक के बैंक खाते में ट्रांसफर होंगे.
ये डॉक्यूमेंट्स जरूरी
आयेाजन की नोडल अधिकारी पल्लवी अग्रवाल के अनुसार सामूहिक विवाह के लिए आवेदन में निर्माण श्रमिक का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, श्रमिक व वर वधु का आधार कार्ड, श्रमिक की बैंक पासबुक, वर की उम्र का प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, राशन कार्ड, सहमति पत्र, वर—वधु के पासपोर्ट साइज पांच फोटो, कार्य का निर्माण पत्र या स्वघोषणा पत्र आदि की जरूरत होगी.
साइकिलें भी दी जाएंगी
आयोजन में संत रविदास शिक्षा सहायता योजना अंतर्गत निर्माण श्रमिकों के कक्षा 9वीं से 12वीं पास बेटे—बेटियों को दो हजार साइकिल दी जाएंगी. इसके लिए भी जरूरी डॉक्युमेंट्स होना जरूरी है.