आगरालीक्स..(7 December 2021 Firozabad News) सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद प्रेम की दिवानी हुई किशोरी- फ्लाइट बुक कर चली आई प्रेमी से मिलने. अब दोनों को ढूंढ रही पुलिस
सोशल मीडिया पर हुआ प्रेम
आज का टाइम डिजिटल युग है. सारे काम फोन पर हो रहे हैं. सोशल साइट्स पर लोग दूर—दूर से अपने दोस्त बना रहे हैं. दोस्ती से ही लोग बाद में प्यार में पड़ रहे हैं. कुछ ऐसा ही हुआ फिरोजाबाद के रहने वाले एक युवक के साथ. पुणे की रहने वाली एक किशोरी उसके प्यार में ऐसी दिवानी हुई है कि वो परिजनों को बिना बताए अपनी सहेली को लेकर फ्लाइट बुक कर अपने प्रेमी से मिलने के लिए पहुंच गई. इधर परिजनों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो अब पुलिस दोनों को तलाश रही है. पुलिस ने युवक के बहन और बहनोई को अरेस्ट किया है.

ये है पूरा मामला
फिरोजाबाद के रहने वाले एक युवक की दोस्ती पुणे में रहने वाली युवती के साथ हो गई. धीरे—धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई. किशोरी पर प्रेम का खुमार ऐसा चढ़ा कि किशोरी अपनी सहेली को लेकर फिरोजाबाद आ गई. उसने दिल्ली के लिए फ्लाइट बुक की और दिल्ली से बस में सवार होकर फिरोजाबाद के जसराना पहुंच गई.
मोबाइल ट्रैस कर पहुंची पुलिस
इधर किशोरी के परिजनों ने उसको तलाश किया लेकिन जब उसका कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मोबाइल के लोकेशन चेक की तो वो फिरोजाबाद के जसराना निकली. इस पर पुलिस ने जसराना में युवक के घर पर दबिश दी तो यहां पुलिस को कोई नहीं मिला. इस पर पुलिस ने आरोपी युवक की बहन और बहनोई को हिरासत में ले लिया. पुलिस प्रेमी—प्रेमिका के संबंध में दोनों से पूछताछ कर रही है.