आगरालीक्स .(Agra News 21st December)..आगरा में क्रिसमस और न्यू ईयर सेलीब्रेशन से पहले बढ़े कोरोना के केस, दुबई से लौटी होटल मालिक की एमबीए कर रही बेटी और जयपुर से लौटी युवती में कोरोना की पुष्टि।
आगरा में मंगलवार को कोरोना के दो नए केस मिले हैं, ये दोनों ही युवतियां हैं। दोनों ही बाहर से आईं हैं, निजी लैब में जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं और संपर्क में आए लोगों को चन्हित किया जा रहा है।
दुबई से कर रही एमबीए, 18 नवंबर को लौटी
आगरा के कमला नगर के रहने वाले होटल व्यवसायी की 21 साल की बेटी दुबई से एमबीए कर रही है। वह अक्टूबर में दुबई गई थी, वहां से 18 नवंबर को आगरा लौटी और आगरा की निजी लैब में कोरोना की जांच कराई। युवती को होम आइसोलेट किया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युवती की एक जांच एसएन में भी कराई गई उसकी रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवती और वह दुबई से लौटने के बाद जिन लोगों के संपर्क में आई उन सभी के सैंपल लिए हैं।

जयपुर से लौटी युवती भी कोरोना संक्रमित
वहीं, जयपुर से लौटी युवती ने 19 दिसंबर को निजी लैब में कोरोना की जांच के लिए सैंपल दिए। जांच में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, मामूली लक्षण होने पर युवती को होम आइसोलेट किया गया है।
ओमिक्रॉन के अलर्ट के बाद मिले सात केस
आगरा में ओमिक्रॉन के अलर्ट के बाद कोरोना के सात नए केस मिले हैं। इन सात केस में से पांच मरीज ठीक हो चुके हैं। ये किस वैरिएंट से संक्रमित हुए, इसकी जांच के लिए सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए लेकिन रिपोर्ट नहीं आई है।