आगरालीक्स… आगरा में कारोबारी को किडनेप कर 70 लाख की फिरौती मांगी गई थी, पुलिस ने चारों बदमाशों को पकड लिया है, इन पर 25-25 हजार के इनाम घोषित किया जा चुका था।
आगरा में सोमवार को प्रेसवार्ता में एसपी आरए पश्चिम अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि 13 जून को जगनेर निवासी मेडिकल स्टोर संचालक कपिल मंगल का अपहरण कर लिया गया था। अपहरणकर्ता दवा लेने के बहाने कार में बैठाकर कारोबारी का अपहरण कर ले गए थे।
इसके बाद 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। 17 जून को अपहरणकर्ताओं से सरेंधी-धौलपुर रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद कपिल मंगल को सकुशल बरामद कर लिया गया था। एक आरोपी दिनेश पंडित को गिरफ्तार किया गया था। उसे जेल भेज दिया गया था।
पुलिस ने दबोचे चारो बदमाश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के नाम रामअवतार, भूपेंद्र उर्फ भोला, अनिल गुर्जर और सुनील गुर्जर (धौलपुर, राजस्थान) बताए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी थी। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
सोमवार को थाना जगनेर, सर्विलांस और क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग ने चार आरोपियों को नगला रूढ़ तिराहा, भरतपुर-धौलपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उनसे बाइक और दो तमंचे बरामद हुए।अपहरण का मास्टरमाइंड बंटू और रामअवतार गुर्जर थे। दोनों मार्बल कारीगर हैं। दोनों अलग-अलग राज्य में काम करने जाते हैं। बंटू कपिल मंगल का पड़ोसी था। रामअवतार ने अपहरण की घटना में अपने रिश्तेदार अनिल, उसके भाई सुनील, उसके दोस्त जीतू और मौसी के लड़के भूपेंद्र उर्फ भोला गुर्जर को शामिल किया था।
दूसरे शहरों में रह रहे थे बदमाश
फिरौती मांगने के लिए सिम सुनील और अनिल लेकर आए थे। पुलिस के डर से बंटू और रामअवतार कर्नाटक भाग गए थे। भोला मुंबई में ऑटो चलाने लगा था। पुलिस ने पिछले दिनों बंटू को पकड़ लिया था। इसके बाद गैंग के अन्य सदस्य भी गिरफ्तार कर लिए गए थे।