
घटनाक्रम के अनुसार डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में सतेंद्र कुमार निवासी पृथ्वीनाथ, शाहगंज वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। सतेन्द्र कुमार विवि के कमरा नंबर 32 में विवि से संबद्ध कॉलेजों के फीस निस्तारण का कार्य देखते हैं। बताया जाता है कि विवि से संबद्ध कई कॉलेजों ने फीस नहीं भरी है और इन पर करोड़ों रुपयों का बकाया है। फीस न भरे जाने के कारण आगामी सत्र के लिए इनके फार्म नहीं भरे जा रहे थे। इसके कारण सतेंद्र कुमार का कई कॉलेजों के साथ विवाद भी चल रहा था। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को भी फीस के मामले को लेकर सतेन्द्र कुमार का कई कॉलेज प्रबंधकों के साथ विवाद हुआ था। शुक्रवार को सतेन्द्र कुमार शाम को जब विवि से अपना काम खत्म करके स्कूटर से अपने घर के लिए निकले थे। अभी वे पालीवाल पार्क के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेरकर गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। इस दौरान गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत ही सतेन्द्र कुमार को इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर विवि के कुलपति प्रो. मो. मुजम्मिल और काफी संख्या में विवि के कर्मचारी वहां पहुंच गए। कर्मचारियों ने वहां पहुंंचकर हंगामा काटना शुरू कर दिया और कुलपति का घेराव कर डाला। पुलिस ने जैसे-तैसे लोगों को वहां से हटाया। फिलहाल पुलिस ने हत्या का का मामला दर्ज कर लिया है।
Leave a comment