आगरालीक्स ..(.Agra News 6th January 2022).आगरा में कोरोना में सबसे ज्यादा जान लेने वाला डेल्टा वैरिएंट आ गया है, इसके साथ ही ओमिक्रॉन ने भी दस्तक दे दी हैं। आने वाले 10 दिन घातक हो सकते हैं।
आगरा में कोरोना की तीसरी लहर की दस्तक के साथ ही खतरा बढ़ गया है। आगरा में दो मरीजों में डेल्टा वैरिएंट मिला है, यह वही कोरोना का वैरिएंट है, जिसके कारण कोरोना की दूसरी लहर में अप्रैल, मई 2021 में मरीजों की मौत हुई थी, आक्सीजन की मांग बहुत बढ़ गई थी। मगर, राहत यह है कि डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित हुए दोनों मरीज ठीक हो चुके हैं। एक 56 साल की महिला हैं और एक 40 साल के युवक हैं, ये दिसंबर में कोरोना पॉजिटिव हुए थे और जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए इनके सैंपल भेजे गए थे।

एक डॉक्टर में मिला ओमिक्रॉन वैरिएंट
जबकि आगरा के शास्त्रीपुरम में रह रहे 48 साल के डॉक्टर में कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट मिला है। यह वैरिएंट तेजी से संक्रमण फैलाता है। हालांकि, इस केस में भी राहत है, डॉक्टर ठीक हो चुके हैं और काम करने लगे हैं।
आगरा में कोरोना के 177 सक्रिय केस
आगरा में अब कोरोना के 177 सक्रिय केस हैं। इसमें से दो मरीज अस्पताल में भर्ती हैं और 175 मरीज अपने घर पर ही इलाज करा रहे हैं। इन मरीजों से भी कोरोना संक्रमण तेजी से फैल सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना मरीजों को चेतावनी दी है कि वे अपने घर से बाहर न जाएं।
केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, मेयर नवीन जैन भी कोरोना पॉजिटिव
सबसे ज्यादा चिंता का कारण जनप्रतिनिधयों का कोरोना संक्रमित होना है। ये लोगों से मिल रहे हैं और मास्क भी नहीं पहन रहे हैं, इनसे मिलने वाले भी मास्क पहनकर नहीं आ रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, मेयर नवीन जैन कोरोना संक्रमित मिले हैं।