आगरालीक्स ….आगरा में स्टैटिक टीम चेकिंग कर रही हैं। एक कार में 44 किलोग्राम चांदी की सिल्ली मिली तो दूसरी कार में तीन लाख से अधिक कैश था। टीम ने पूछताछ की, बिल की जांच की।
आगरा में चुनाव के चलते जगह जगह चैकिंग की जा रही है। जिले की सीमा पर बैरियर लगाकर स्टैटिक टीम चैकिंग कर रही हैं। मंगलवार रात को खंदौली में स्टैटिक टीम चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान आगरा से सादाबाद की तरफ जा रही कार को टीम ने रोका। टीम ने कार की चेकिंग की, कार में 44 किलोग्राम चांदी की सिल्ली रखी हुई थी।

पूछताछ में ब्योरा न देने पर स्टैटिक मजिस्टेट को सौंपी चांदी
खंदौली के थाना प्रभारी विपिन गौतम ने मीडिया को बताया कि कार सवार हाथरस के बिसावर निवासी चांदी व्यापारी मानवेंद्र अपने भाई महेंद्र के साथ आगरा से चांदी लेकर जा रहे थे, 44 किलोग्राम चांदी की सिल्ली के बिल नहीं दिखा सके। इसलिए आगे की कार्रवाई के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट को चांदी सौंप दी गई है।
कार में रखे थे 3.25 लाख रुपये
आगरा जयपुर हाईवे पर स्टैटिक टीम जांच कर रही थी, भरतपुर की तरफ से आ रही कार को टीम ने रुकवा दिया। चेकिंग में कार में 3.25 लाख कैश मिला। टीम ने कैश ले जा रहे राजेश शर्मा से पूछताछ की, उन्होंने बताया कि सरसों की तूरी की बेची थी उसी का कैश है। टीम ने पूछताछ के बाद कैश लौटा दिया।