आगरालीक्स…(28 January 2022 Agra News) अखिलेश ने कहा—जयंत और मैं किसान के बेटे. लाल टोपी और लाल पोटली में अन्न लेकर चलता हूं…एक और बड़ा वादा किया…
मुजफ्फरनगर में संयुक्त बैठक में भाजपा पर साधा निशाना
यूपी विधासनसभा चुनाव को लेकर सपा और रालोद ने गठबंधन किया है. शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने एक साथ मिलकर भाजपा पर हमला बोला. अखिलेश यादव ने कहा कि मैं और जयंत किसानों के बेटे हैं. मैं लाल टोपी के साथ लाल पोटली में अन्न संकल्प लेकर चलता हूं. इस दौरान उन्होंने वादा करते हुए कहा कि यूपी में सपा की सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे, साथ ही सिंचाई के लिए बिजली फ्री देंगे. यही नहीं किसानों को गन्ने के भुगतान के लिए इंतजार नहीं करना होगा. उन्हें 15 दिन में गन्ने के भुगतान किया जाएगा. इसके लिए फार्मर कॉरपस फंड व फार्म रिवाल्विंग फंड बनाए जाएंगे. इसके अलावा किसानों के लिए एमएसपी खरीद के लिए भी इंतजाम किए जाएंगे.

जयंत ने भी लगाए आरोप
वहीं जयंत चौधरी ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि किसानों के साथ कितना अन्याय इस सरकार ने किया है ये किसान अब भलीभांति समझ चुके हैं और अब वे भाजपाइयों के बहकावे में नहीं आने वाले हैं. सपा और रालोद गठबंधन ही किसानों केा भा रहा है. इसके अलावा जयंत ने चुनाव आयोग द्वारा जारी नियमों के अनुपालन में कहा कि उनके प्रत्याशी ने वीडियो वैन चलाने की अनुमति मांगी थी लेकिन अब तक उन्हें अनुमति नहीं मिली है जबकि भाजपा के वैन पूरे प्रदेश में चल रहे हैं. इसकी शिकायत हम चुनाव आयेाग में करने भी जा रहे हैं.
भाजपा ने खुद सीएम को घर भेज दिया
अखिलेश यादव ने एक बार फिर सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसा कि इस बार भाजपा का राजनैतिक पलायन होगा. बाबा मुख्यमंत्री कभी अयोध्या तो कभी मथुरा से टिकट मांग रहे थे लेकिन भाजपा ने उन्हें अनके घर भेजकर उनका पलायन कर दिया है. भाजपा के नेता जो पर्चा बांट रहे हैं वो भी कोरोना बांट रहे हैं. अखिलेश ने कहा कि हम और जयंत चौधरी साथ मिलकर चौधरी चरण सिंह की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं.