आगरालीक्स…(28 January 2022 Agra News) आगरा में व्यापारियों से बोले छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल—जाति, धर्म के नाम पर वोट दोगे तो व्यापार की समस्याएं कैसे दूर होगी….
गाय के नाम पर वोट मांगने वाले गाय की सेवा नहीं करते
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को बाईपास मार्ग स्थित उत्सव मैरिज होम में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों से संवाद करते हुए दो टूक कहा कि जब आप जाति-धर्म के नाम पर वोट दोगे तो फिर व्यापार की समस्या कैसे दूर हो सकेगी? शहर की समस्या कैसे दूर होगी? जन समस्याएं कैसे दूर होंगी? उन्होंने कहा कि आपको अपनी समस्याओं और अपने मुद्दों पर वोट करना चाहिए। श्री बघेल ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग गाय के नाम पर वोट लेते हैं पर गाय की सेवा नहीं करते। अकेला हिंदुस्तान ऐसा देश है जहां गाय दूध देने से ज्यादा वोट दिलवाने के काम आती है। गौशाला में गौमाता दुबली हो रही है जबकि गौशाला चलाने वाले मोटे हो रहे हैं।

इस दौरान व्यापारियों ने फाउंड्री उद्योग, लघु उद्योग और जूता उद्योग की बदहाली के साथ-साथ आलू उत्पादक किसानों की समस्या, प्रोसेसिंग यूनिट का अभाव और खंडपीठ की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संवाद कार्यक्रम से प्रभावित होकर भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के आगरा के अध्यक्ष संजय शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता मुख्यमंत्री के हाथों ग्रहण की। इस दौरान उनके साथ उत्तर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल व कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।