आगरालीक्स…(6 February 2022 Agra News) आगरा में कोरोना के अभी भी 487 मरीज हैं, ये किस क्षेत्र में हैं, जानें कितने लोग कोरोना की तीसरी लहर में चपेट में आए
आगरा में कोरोना की तीसरी लहर दिसंबर में शुरू हो गई, पहले एक दिन में दो से तीन नए केस मिले। विदेश से लौटे लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद राजस्थान घूमने गए और अन्य राज्यों से आए लोगों की जांच में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद स्थानीय स्तर पर भी संक्रमण फैलने लगा। जनवरी में एक दिन में करीब 900 कोरोना के नए केस मिले। लेकिन अब कोरोना के नए केस कम होने लगे हैं और नए केस से ज्यादा मरीज ठीक हो रहे हैं।

घर पर इलाज करा रहे 487 मरीज
आगरा में छह फरवरी को कोरोना के 22 केस मिले हैं, अब एक्टिव केस 487 हैं। इनका घर पर ही इलाज चल रहा है। ये मरीज दयालबाग, कमला नगर, आवास विकास कालोनी सिकंदरा, ट्रांस यमुना कालोनी के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में हैं। कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मेडिकल किट उपलब्ध कराई जा रही है। मरीजों से सात दिन तक घर में ही रहने के लिए कहा जा रहा है, जिससे इनके संपर्क में आने पर अन्य लोग कोरोना संक्रमित न हों।
करीब 10 हजार लोग हुए पॉजिटिव
कोरोना की तीसरी लहर में आगरा में करीब 10 हजार लोग संक्रमित हुए। जबकि तीसरी लहर में कोरोना से छह मरीजों की मौत हो गई। कोरोना की पहली और दूसरी लहर में 458 मरीजों की मौत हुई थी। तीसरी लहर में सामान्य लक्षण देखने को मिले और मरीज ठीक हो गए। बहुत कम मरीजों को ही भर्ती करने की जरूरत हुई।