
आगरा के जीवन मंडी माल गोदाम में भीम नगरी का भव्य मंच सजाया गया, समारोह के उदघाटन के लिए अतिथियों को मंच पर आमंत्रित किया गया, लेकिन मेयर इंद्रजीत आर्य को मंच पर बुलाने के लिए मंच से संबोधन नहीं हुआ। वे मंच के सामने नीचे बैठे हुए थे, कुछ देर इंतजार करने के बाद वे चले गए, इसके बाद उन्हें मंच पर आमंत्रित किया गया। मेयर इंद्रजीत आर्य ने कहा कि मंच बसपा रंग में रंगा था और उस पर राजनैतिक बातें हो रही थी, इसलिए वे बीच समारोह से चले आए।
उधर, भीम नगरी के मंच से बसपा प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर ने राजनैतिक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब चुनाव होने वाले हैं तो नेताओं को बाबा साहब याद आ रहे हैं। दलित वोट बैंक से चुनाव जीतना चाहते हैं, जबकि बसपा ने ही दलितों के लिए काम किया है। सपा, कांग्रेस और भाजपा ढोंग कर रहे हैं, इसलिए उनकी बातों में न आएं और बसपा के साथ रहें, जिससे विधानसभा चुनाव में बसपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बने।
16 अप्रैल को 125 जोड़ों का सामूहिक विवाह
बाबा साहब की 125 वीं जयंती पर इस बार 125 जोड़ों का सामूहिक विवाह भीम मंच पर किया जाएगा। बारात शनिवार 16 अप्रैल को शाम 4 बजे नीम दरवाजा से निकाली जाएगी, जो मैनगेट, बेलनगंज, पंजाब नेशनल बैंक, जीवनी मंडी होते हुए माल गोदाम पहुंचेगी। यहां जाटव महापंचायत द्वारा बौद्ध रीति से सामूहिक विवाह होगा। इस बार दलित समाज के मेधावी विद्यार्थियों को भी मंच से सम्मानित किया जाएगा। अध्यक्षता सरपंच देवी प्रसाद आजाद करेंगे।
17 अप्रैल को गीतों भरी शाम
महोत्सव के तीसरे और आखिरी दिन रविवार 17 अप्रैल को गीतों भरी शाम बाबा साहब के नाम होगी। दिल्ली के गायक हेमंत कुमार बौद्ध गीतों की प्रस्तुति देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सहयोगियों का सम्मान भी किया जाएगा।
Leave a comment