
अप्रैल में पारा उछाल मार रहा है। शनिवार को रिकॉर्ड करीब 44 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को बच्चों को स्कूल जाना है, दोपहर में स्कूल से लौटते समय तेज धूप से बच्चे हीट स्ट्रॉक के शिकार हो सकते हैं। इसे देखते हुए डीएम पंकज कुमार ने आदेश जारी किए हैं कि स्कूलों में कक्षा छह तक के बच्चों को 12 बजे तक ही पढाया जाए, इसके बाद स्कूल की छुटटी करनी होगी, जिससे तेज धूप में बच्चों को कोई समस्या न हो।
वैन, बस और बाइक पर तपते आते हैं बच्चे
अधिकांश स्कूलों में छुटटी 12 बजे के बाद होती है, इन स्कूलों के नर्सरी से लेकर बडी कक्षा के बच्चे वैन, बस या अपने परिजनों के साथ बाइक पर आते हैं। तेज धूप में तपते बच्चों की तबीयत बिगड सकती है।
हीट स्ट्रॉक का खतरा
जिस तरह से तापमान बढ रहा है, 47 डिग्री से अधिक तापमान पहुंचने पर हीट स्ट्रॉक का खतरा रहता है। हीट स्ट्रॉक होने पर शरीर से पसीना आना बंद हो जाता है और शरीर का तापमान बढने लगता है। बेहोश होने के साथ जान तक जा सकती है। हीट स्ट्रॉक होने पर व्यक्ति को पंखे के नीचे लिटा दें, उसके शरीर पर ठंडा पानी डालें, जिससे शरीर का तापमान सामान्य हो जाए।
रविवार को बदला मौसम
शनिवार को पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया था तो शनिवार को तापमान बदल गया। सुबह बादल छाने के साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है।
Leave a comment