आगरालीक्स…प्रो. एसपी सिंह बघेल ने की करहल पर दोबारा मतदान कराने की मांग. आरोप—यहां की गई बूथ कैप्चरिंग….चुनाव आयोग से की शिकायत
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीन चरण समाप्त हो चुके हैं. रविवार को मैनपुरी, फिरोजबाद, हाथरस सहित कई जिलों में चुनाव संपन्न हुए लेकिन सबसे अधिक चर्चा में जो सीट रही, वह थी मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट. इस सीट से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं उनके सामने भाजपा ने प्रो. एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा है. रविवार को यहां चुनाव तो संपन्न हो गए और विजेता कौन होगा, इसका फैसला ईवीएम में बंद हो गया है, लेकिन सोमवार को भाजपा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल ने करहल में दोबारा मतदान कराने की मांग की है. उन्होंने चुनाव आयोग को भेजी शिकायत में यहां मतदान के दौरान बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया है.

एसपी सिंह बघेल ने चुनाव आयोग को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि मतदाताओं ने मुझसे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न प्रकार से बूथ कैप्चरिंग किए जाने की शिकायत की है. कुछ ने शिकायत की है कि सपा कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को डराने व धमकाने का भी काम किया हे. साक्ष्य के तौर पर उन्होंने दन्नाहार के बूथ नंबर 110 का वीडियो भी जारी किया है. इसमें आरोप लगाया है कि इस बूथ पर कई महिलाओं को खड़ा करके लगातार वोट डलवाए जा रहे थे.