आगरालीक्स…रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष के चलते भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को भूचाल आ गया। निवेशकों के आठ लाख करोड़ रुपये डूब गए।
सेंसेक्स की गिरावट के साथ शुरुआत
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सूचकांक सेंसेक्स ने गुरुवार को 1850 अंक की भारी गिरावट के साथ कारोबार की शुरूआत की। हालांकि, कुछ देर बाद इसमें कुछ सुधार दिखा और सूचकांक 1430 अंक की गिरावट के साथ 55,802 के स्तर पर आ गया। लेकिन ये राहत कुछ देर ही दिखाई दी। फिलहाल, सेंसेक्स 2014 अंक टूटकर 55,217 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
युद्ध के असर से निवेशकों पर पड़ी मार
बता दें कि इस गिरावट के चलते निवेशकों के आठ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए हैं। दूसरी ओर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी पर भी युद्ध का असर दिखाई दे रहा है और यह 414 अंकों की भारी गिरावट के साथ 16,648 के निचले स्तर पर खुला। फिलहाल, निफ्टी 609 अंक की गिरावट लेते हुए 16,453 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
बाजार खुलने पर 270 शेयरों में तेजी आई
बाजार खुलने के साथ ही लगभग 270 शेयरों में तेजी आई है, जबकि 1853 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 79 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। जहां एक ओर सेंसेक्स के सारे 30 शेयर लाल निशान पर रहे, वहीं निफ्टी में यूपीएल, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील और आईसीआईसीआई बैंक सबसे ज्यादा घाटे में थे। जबकि नेस्ले मामूली लाभ के साथ एकमात्र बढ़त वाला शेयर था।