आगरालीक्स…. आगरा में मतगणना की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, कल शाम से पोल के नतीजे आने लग जाएंगे, 10 मार्च को मतगणना वाले दिन हाईवे बंद रहेगा। जानें क्या रहेगी व्यवस्था।

सुबह आठ बजे से होगी मतगणना
आगरा की नौ विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान हुआ, इन सीटों के लिए डाले गए मतों की गणना 10 मार्च को होगी। इसके लिए आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण, आगरा छावनी के साथ ही एत्मादपुर और आगरा ग्रामीण विधानसभा के लिए आगरा फिरोजाबाद हाईवे स्थित मंडी समिति में व्यवस्था की गई है। जबकि फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह की मतगणना उन्हीं क्षेत्रों की मंडी परिसर में होगी। 10 मार्च को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। मतगणना के लिए तैयारी तेज कर दी गई है।
रामबाग से नुनिहाई तक बंद रहेगा हाईवे
मतगणना 10 मार्च को सुबह शुरू होगी। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात अरुण चंद के अनुसार, 10 मार्च को रामबाग से नुनिहाई पेट्रोल पंप तक हाईवे बंद रहेगा।
2017 में आगरा की सभी नौ सीटों पर भाजपा ने दर्ज की थी जीत
विधानसभा चुनाव 2017 में आगरा की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, इस बार समीकरण बदले हुए हैं। ऐसे में सोमवार को अंतिम चरण का मतदान है, शाम छह बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतदान के दौरान अलग अलग एजेंसी द्वारा किए गए सर्वे के आधार पर रुझान भी आने लग जाएंगे, आगरा की किस सीट पर कौन प्रत्याशी जीत रहा है किसके बीच में रौचक मुकाबला होगा।