आगरालीक्स ….आगरा में पेट्रोल और डीजल के रेट 13 दिन में 8 रुपये से अधिक बढ़ गए हैं। वहीं, जिले की 17 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, कई पंप बंद हो गए हैं। नायरा कंपनी के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल न होने के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं।
आगरा में नायरा कंपनी द्वारा 17 पेट्रोल पंप संचालित है, इसमें से अधिकांश ग्रामीण क्षेत्र में हैं। रूस यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से नायरा कंपनी के पेट्रोल पंपों को मांग की तुलना में पेट्रोल और डीजल नहीं मिल रहा है। इसलिए कई पेट्रोल पंपों की आपूर्ति प्रभावित हो गई है। पंचकुइया स्थित कान्हा फयूल के मालिक सनी खन्ना का कहना है जिले में 17 पेट्रोल पंप हैं, पिछले एक सप्ताह से पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित चल रही है। कुछ पेट्रोल पंपों पर एंबुलेंस और दोपहिया वाहनों को ही पेट्रोल और डीजल दिया जा रहा है।

पेट्रोल के रेट आठ रुपये तक बढ़े
आगरा में 22 मार्च से पेट्रोल और डीजल के रेट बढ़ रहे हैं। आगरा में पेट्रोल के रेट 95.02 रुपये थे, ये बढ़कर अब 103.1 रुपये तक पहुंच गए हैं, इसी तरह से डीजल के रेट भी आठ रुपये तक पहुंच गए हैं और डीजल के रेट 94.56 रुपये हैं।