आगरालीक्स ….आगरा में सड़क किनारे चटाई और कंबल में लपेटे हुए बोरे में युवती का शव मिला। युवती टी शर्ट और लाल सफेद रंग का लहंगा पहनी हुई है, शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है।
आगरा में मंगलवार की सुबह एत्मादपुर से बरहन रोड पर गांव रसूलपुर के पास सड़क किनारे पड़े चटाई और कंबल में लपेटे हुए बोरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस के पहुंचने के बाद बोरे को खोला गया, बोरे से दुर्गंध आ रही थी।

युवती का क्षत विक्षत शव मिला
प्लास्टिक का बोरा खोलने पर युवती का क्षत विक्षत शव मिला, युवती की उम्र करीब 24 से 25 साल बताई जा रही है। युवती लालसफेद रंग का लहंगा, लाल टी शर्ट पहने थी। गले में काला चेक का दुपट्टा पड़ा हुआ था, दोनों हाथों में हरी चूड़ियां हैं।
कई दिन पुराना शव
प्लास्टिक के बोरे से दुर्गंध आ रही थी, शव क्षत विक्षत मिला, इससे आशंका है कि कई दिन पहले युवती की हत्या की गई। हत्या करने के बाद शव फेंका गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में कोई शव फेंक गया है, सोमवार दिन में लोग रास्ते से निकले, लेकिन बोरा नहीं पड़ा हुआ था।