आगरालीक्स…सुरक्षा, सेहत संग शिक्षा की डोज, पथौली में महिलाओं के रोटरी क्लब ने जो किया वो किसी मिसाल से कम नहीं, पहले ही साल में बदली तस्वीर, तीन साल का लक्ष्य
आज के दौर में समाज को विकास की राह पर आगे बढ़ाने में महिलाएं बखूबी अपनी भागीदारी निभा रही हैं। आगरा में महिलाओं का रोटरी क्लब बना तो कुछ ऐसा हुआ जो मिसाल से कम नहीं है। पथौली गांव के विकास में रोटरी क्लब आगरा ग्रेस क्या भूमिका निभा रहा है, जानेंगे तो सलाम करेंगे। पिछले 10 महीने से रोटरी क्लब आगरा ग्रेस गांव की तस्वीर बदलने में लगा है। ईस्काॅन मंदिर की मदद से गांव में शिक्षा और कौशल का उजाला फैला रहा है। जुलाई 2021 में पहला स्वास्थ्य कैंप लगाकर गांव की औरतों को सेहतमंद बनाने से शुरू हुआ कारवां अब आगे बढ़ चला है।

हजारों महिलाओं के बने हैल्थ कार्ड, सुधर रही सेहत
क्लब की ओर से हर महीने पहले रविवार को हैल्थ कैंप लगाकर महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जाती है। गांव में स्त्री रोग, हड्डी रोग, फिजीशियन, नेत्र रोग, बाल रोग विशेषज्ञ पहुंचकर अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं। इसके साथ ही सभी प्रकार की जांचें निशुल्क की जाती हैं और दवाओं का वितरण भी निशुल्क किया जाता है। सबसे बड़ी बात कि महिलाओं के हैल्थ कार्ड बनाए गए हैं। इन पर उनकी सेहत का पूरा लेखा जोखा है, जिससे पता चलता है कि नियमित रूप से शिविर में आ रहीं महिलाओं की सेहत सुधरने लगी है।

किशोरियां सीख रहीं मेंहदी, कढ़ाई, बुनाई, सिलाई
वहीं किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके लिए नियमित कक्षाएं संचालित हैं जिनमें गांव की दर्जनों किशोरियां मेंहदी, कढ़ाई, बुनाई, सिलाई जैसी विधाओं में पारंगत हो रही हैं। क्लब सदस्यों का कहना है कि किशोरियों को हुनर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास है ताकि वे किसी पर निर्भर न हों और अपने पैरों पर खडी हो सकें।
गांव के किशोर-किशोरियों के लिए निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण
क्लब द्वारा गांव के किशोर किशोरियों को कंप्यूटर शिक्षा भी निशुल्क प्रदान कराई जा रही है। ईस्काॅन मंदिर में ही कंप्यूटर्स की व्यवस्था कर और शिक्षकों की नियुक्ति कर किशोर किशोरियों को कंप्यूटर से जुडे़ विभिन्न पाठ्यक्रमों की शिक्षा प्रदान की जा रही है।
ईवनिंग स्कूल का संचालन
गांव में छोटे बच्चों के लिए ईवनिंग स्कूल का संचालन भी किया जा रहा है। इसके तहत वे बच्चे जो कहीं भी शिक्षा हासिल नहीं कर रहे हैं वे यहां आकर शिक्षा ग्रहण करते हैं। जबकि अन्य स्कूलों में पढ़ रहे बच्चे एक्स्ट्रा क्लासेज के लिए आते हैं।
तीन साल का लक्ष्य निर्धारित
रोटरी क्लब आगरा ग्रेस कीं अध्यक्ष डाॅ. जयदीप मल्होत्रा ने बताया कि गांव में अक्सर देखा गया है कि महिलाएं अपने स्वास्थ्य को तवज्जो नहीं देतीं। यही वजह है कि क्लब ने गांव से अपने अभियान की शुरूआत की। नियमित आने वाली महिलाओं के स्वास्थ्य में अब सुधार देखा जा रहा है। उनके हैल्थ कार्ड भी बनाए गए हैं। यह हैल्थ कार्ड आगे के लिए काफी मददगार होंगे। हमने तीन साल का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह पहला ही वर्ष है और काफी सुधार हुआ है।
गांव में घर-घर जाकर कर रहे जागरूक
क्लब कीं सचिव अशु मित्तल ने बताया कि गांव की तस्वीर बदलने का यह पहला प्रयास है। आगे इसी तरह की कोशिशें अन्य गांवों के लिए की जाएंगी। फिलहाल पथौली में हमारे सदस्य घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्हें स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाने के साथ ही शिक्षा ग्रहण करने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं। ईस्काॅन की ओर से हमें काफी सहयोग मिलता है। कई बार ईस्काॅन आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप दास प्रभु जी भी हमारे साथ गांव का भ्रमण करते हैं। वे लोगों को अपनी सभाओं के जरिए भी संदेश देते हैं कि स्वास्थ्य और शिक्षा की मुहिम का हिस्सा बनें।

