आगरालीक्स…आगरा की चार जूता फैक्टरियों में लगी भीषण आग. तीन घटनाएं एक ही क्षेत्र की. दौड़ती रहीं दमकलें..मचती रही अफरातफरी
आगरा में सोमवार को सुबह से ही अफरातफरी मचती रही. दमकलें लगातार दौड़ती रहीं. कारण लगातार एक के बाद एक चार जगह जूता फैक्टरियों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं. तीन घटनाएं तो सिकंदरा इंडस्ट्रियल एरिया में घटित हुईं जबकि एक घटना थाना सदर क्षेत्र में हुई. पुलिस भी लगातार आग की घटनाओं पर मौके पर पहुंची. सभी जगह आग लगने की घटनाएं शॉर्ट सर्किट के कारण बताई जा रही हैं. जानिए कहां—कहां लगी आग की घटनाएं….
पहली घटना थाना सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया के साइट सी में हुई यहां नितिन इंटरनेशनल नाम की फैक्टरी में सुबह करीब नौ बजे आग लगने की घटना हुई. इसके मालिक नितिन मखीजा हैं. यहां जूते का कपड़ा तैयार है. सुबह करीब नौ बजे जब कर्मचारी काम कर रहे थे तभी अचानक यहां आग लग गई. आग से कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई. दमकल ने जब तक आग पर काबू पाया तब तक काफी सामान जल गया.
दूसरी आग लगने की घटना थोड़ी देर बाद नितिन इंटरनेशनल फैक्टरी से आधा किलोमीटर दूर श्रीपलवार सोल फैक्टरी में हुई. इसमें केमिकल का स्टोर था. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. सचूना पर दमकल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फैक्टरी से निकला धुआं आसमान में गुबार बनकर छा गया जिससे आसपास रहने वाले लोग एकबारगी दहशत में आ गए.
थाना सिकंदरा क्षेत्र में ही तीसरी घटना बेस्ट प्राइज शास्त्रीपुरम के पास हुई. यहां वर्क एंड ट्रेड नाम से जूता फैक्टरी है. इसके मालिक आरिफ अजीज हैं. यह फैक्टरी बंद थी. सोमवार को इसमें अंदर रखे कतरन और सोल में आग लग गई. लोगों ने जब आग को देखा तो इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई. पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. दमकल ने आग पर काबू पा लिया.
आग लगने की चौथी घटना थाना सदर क्षेत्र में हुई. नगला पद्मा स्थित जूता कारखाने में सोमवार सुबह आग लग गई. भूतल में स्थित इस कारखाने के मालिक मनोज सिंह हैं. यहां जूते का मैटेरियल रखा हुआ था. पहली मंजिल पर प्लासिटक का सामानका श्रीकृष्णा 99 स्टोर है तो दूसरी मंजिल पर हेल्प क्लब नाम से जिम है. आग लगने यहां अफरातफरी मच गई. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. दमकल की चार पांच गाड़ियां यहां मोके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया.