आगरालीक्स….. आगरा में एमएससी माइक्रोबायोलाजी की छात्रा को किडनैप कर ले गए जिम संचालक के घरों में आग लगाने के बाद पुलिस फोर्स तैनात है, छात्रा कोर्ट में बयान देगी, बयान के आधार पर छात्रा को सुपुर्दगी में दिया जाएगा।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता की रहने वाली छात्रा एमएससी माइक्रोबायोलाजी कर रही है। 11 अप्रैल को जिम संचालक साजिद अपने साथ कार में ले गया। परिजनों ने थाना सिकंदरा में साजिद के खिलाफ बेटी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने छात्रा को 13 अप्रैल को दिल्ली से बरामद कर लिया लेकिन साजिद हाथ नहीं लगा। 15 अप्रैल को रुनकता में पंचायत बुलाई गई, इसी दौरान कुछ लोगों ने साजिद के घर सहित तीन घरों में आग लगा दी। पुलिस ने 200 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नौ को जेल भेज दिया और चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया।

साजिद से साहिल बन आर्य समाज मंदिर में की शादी
11 अप्रैल को जिम संचालक साजिद छात्रा को अपने साथ कार से दिल्ली ले गया। शादी से पहले उसने अपना धर्मांतरण कराया और हिंदू धर्म अपनाते हुए साजिद से साहिल बन गया। 12 अप्रैल को राजेंद्र मार्केट दिल्ली स्थित आर्य समाज मंदिर में छात्रा से शादी कर ली। शादी के सर्टिफिकेट के साथ की वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिए।
पुलिस फोर्स तैनात, बयान के आधार पर छात्रा की सुपुर्दगी
रुनकता में पुलिस फोर्स तैनात है, शनिवार को बाजार में कुछ दुकानें खुल गई हैं। लेकिन दहशत भरा माहौल है। वहीं, छात्रा को परिजनों की सुपुर्दगी में नहीं दिया गया है। छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे, छात्रा बालिग है इसलिए वह जो बयान देगी, उसी के आधार पर सुपुर्दगी दी जाएगी।