आगरालीक्स…आगरा की डॉ. भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी की पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित. 28 प्रतिशत विद्यार्थी हुए पास…यहां देखें रिजल्ट
डॉक्टर भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की पीएच.डी. प्रवेश परीक्षा 2022 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर अवगत कराया कि यह प्रवेश परीक्षा दिनांक 9 अप्रैल 2022 को आयोजित की गई थी। परीक्षा वाले दिन ही सभी विषयों के प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजी और बुकलेट वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई थीं। एक दिन बाद ही विश्वविद्यालय ने उत्तर कुंजी और प्रश्नों के संबंध में आपत्तियां भी आमंत्रित कर ली थीं। अधिष्ठाता शोध प्रोफेसर विनीता सिंह ने बताया कि लगभग 15 आपत्तियां सही पाई गई थी जिनका लाभ अभ्यर्थियों को दिया गया है।

परिणाम से जुड़े हुए कुछ महत्वपूर्ण तथ्य इस प्रकार हैं
- प्रवेश परीक्षा में कुल 3297 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे , जिनमें से केवल 935 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस प्रकार परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का प्रतिशत 28% रहा है।
- विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एक लिंक दे दिया गया है
https://govexams.com/BAUAGRA/Default.aspx जहां जाकर विद्यार्थी अपना परिणाम देख सकते हैं। - यह केवल लिखित परीक्षा का परिणाम है, मई के प्रथम सप्ताह में काउंसलिंग प्रस्तावित है जिसकी तिथि शीघ्र ही घोषित कर दी जाएगी। काउंसलिंग के पश्चात अंतिम प्रवेश सूची निर्धारित की जाएगी।
- जुलाई 2022 से दिसंबर 2022 तक की अवधि में कोर्स वर्क कराया जाना प्रस्तावित है।
- 3297 अभ्यर्थियों में से 1669 महिला अभ्यर्थी थे जिनमें से 457 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसी प्रकार 1627 पुरुष थे, जिनमें से 477 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है।
- लगभग 1200 सीटें हैं , काउंसलिंग से पूर्व यह संख्या अंतिम रूप से निर्धारित कर दी जाएगी।
- हिंदी में सर्वाधिक 115 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की है और सर्वाधिक अंक पाने वाले विद्यार्थी ने 200 में से 176 अंक प्राप्त किए हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा ने कहा कि कुलपति के निर्देश पर प्रवेश परीक्षा पारदर्शी रुप से संपन्न की गई है और परिणाम भी यथा शीघ्र ही घोषित किया गया है। प्रेस वार्ता में प्रति कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा, अधिष्ठाता शोध प्रोफेसर विनीता सिंह, सहायक अधिष्ठाता शोध प्रोफेसर बी पी सिंह और जनसंपर्क अधिकारी प्रोफेसर प्रदीप श्रीधर उपस्थित रहे।