आगरालीक्स… आगरा में तीन मंजिला एमआई फर्नीचर शोरूम जलकर स्वाह हो गया, करोड़ों का नुकसान, आग की लपटें विकराल होने पर दो शोरूम और छह मकान खाली कराए गए। चार घंटे में 25 से अधिक दमकल कर्मी और पुलिस कर्मियों ने आग पर काबू पाया।

आगरा के आरए जगत अपार्टमेंट, भवना एस्टेट, सिकंदरा निवासी राजन सहगल का बाईपास पर भगवान टॉकीज के पास तीन मंजिला एमआई फर्नीचर के नाम से शोरूम है। शोरूम में भूतल पर फर्नीचर की पैकिंग होती है। मंगलवार सुबह 11.30 बजे भूतल पर कर्मचारी फर्नीचर की डिलीवरी के लिए पैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आग लग गई, पैकिंग के लिए रखे फोम और प्लास्टिक के सामान से आग की लपटें उठने लगी, कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें बिकराल होती चली गई और पहली और दूसरी मंजिल तक कुछ ही देर में आग पहुंच गई। पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया।
एमआई फर्नीचर के बगल के शोरूम और छह मकान कराए खाली
आग की लपटें बिकराल होती गई, दमकल कर्मी भी पहुंच गए। तीन मंजिला बिल्डिंग में धुआं भर गया, बिल्डिंग के शीशे तोड़कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए। एमआई फर्नीचर शोरूम के बगल में ही मंगलम एस्टेट निवासी सतीश चंद गोयल का होम फर्नीचर एंड डेकोर है, इसमें भी धुआं भर गया। शोरूम में आग लगने की आशंका पर कर्मचारियों ने फर्नीचर बाहर निकाल लिया। एमआई फर्नीचर शोरूम के पीछे कौशलपुर की गली में छह मकान भी खाली करा लिए गए।
चार घंटे में आग पर पाया काबू, जलकर स्वाह हुआ शोरूम
दमकल कर्मियों की टीम ने करीब चार घंटे में आग पर काबू पाया लेकिन तब तक एमआई फर्नीचर शोरूम जलकर स्वाह हो गया। करोड़ों का नुकसान बताया जा रहा है हालांकि आंकलन के बाद ही नुकसान का सही पता चल सकेगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अक्षय रंजन शर्मा ने बताया कि तीन मंजिला शोरूम में लगी आग पर सात दमकलों की मदद से काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि शार्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी दी गई है।