यूपीलीक्स…सीएम योगी आदित्यनाथ के कड़े नियम. 5000 से ऊपर के गिफ्ट न ले कोई मंत्री. जिन कार्यक्रमों में मंत्रियों और विधायकों को बुलाया जाएगा, उसकी भी होगी पड़ताल
योगी 2.0 की सरकार इस समय प्रदेश में चल रही है. सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा लगातार प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों को लेकर कड़े नियम बनाए जा रहे हैं. कुछ दिन पहले जहां सीएम योगी ने सभी मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों के साथ आईएएस और आईपीएस अधिकारियों समेत सभी अधिकारियों को अपनी संपत्ति घोषित करने के आदेश दिए गए थे. इसके अलावा उनके परिजनों को भी संपत्तियों को घोषित करने के लिए कहा गया था. इस आदेश के बाद से ही खलबली मची हुई हे. योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से अपनी सरकार के मंत्रियों के लिए आचरण संहिता लागू करने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं. आज सीएम येागी आदित्यनाथ ने इसी आचरण संहिता के तहत निर्देश दिए हैं कि कोई भी मंत्री 5000 रुपये से अधिक का उपहार नहीं ले सकता है. इसे देखने के लिए बाकायदा एक टीम का भी गठन किया गया है जिससे कि यह पता चल सके कि जारी किए गए आचरण संहिता का पालन हो रहा है या नहीं.

निर्देश में कहा गया है कि अगर किसी मंत्री को पांच हजार रुपये से अधिक का उपहार मिल रहा है तो वह उसे लेने से इनकार कर दे. जांच में अगर वह उपहार पांच हजार रुपये से अधिक का निकलेगा तो उसे राज्य की संपत्ति समझा जाएगा ओर उसे ट्रेजरी में जमा कराना होगा.