आगरालीक्स…आगरा में अब जयमाला के बाद दुल्हन मंडप से गायब. बाद में माता—पिता और परिजन भी हुए रफूचक्कर. रस्मों के लिए इंतजार करता रह गया दूल्हा…
आगरा में शादी के दौरान दुल्हन के गायब होने का एक और मामला सामने आया है. थाना लोहामंडी अंतर्गत नौबस्ता में शादी में जयमाला की रस्म के बाद दुल्हन मंडप से गायब हो गई. थोड़ी देर में उसके परिजन भी वहां से निकल गए. दूल्हा काफी देर तक दुल्हन का इंतजार करता रहा. जब कुछ पता नहीं चला तो मामला थाने पहुंचा. पुलिस दुल्हन के घर पहुंची तो वहां ताला लटका हुआ था. अब दुल्हन की तलाश की जा रही है.
यहां का है मामला
मामला थाना लोहामंडी क्षेत्र के जयपुर हाउस में रहने वाले युवक की शादी जगदीशपुरा में रहने वाली युवती के साथ तय हुई थी. दो महीने पहले ही रिश्ता तय हुआ था. युवक एक शोरूम में नौकरी करता है. रिश्ता तय होने के बाद 27 मई को शादी तय हुई. बुधवार रात को नौबस्ता के मैरिज होम में दूल्हा पक्ष बारात लेकर पहुंचा. बारात का स्वागत किया गया और जयमाला का प्रोग्राम हुआ. लड़का—लड़की ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई.

यहां तक तो मामला ठीक था लेकिन इसके बाद दुल्हन पक्ष की ओर से कहा गया कि उनके घर पर एक रस्म होनी है. इस पर दुल्हन मैरिज होम से अपने एक परिचित के साथ बाइक पर बैठकर वहां से निकल गई. थोड़ी देर में दुल्हन के माता—पिता भी वहां से निकल गए. दूल्हा पक्ष दुल्हन पक्ष का इंतजार करता रहा. जब काफी देर तक कोई भी वापस नहीं लौटा तो उन्होंने फोन किया लेकिन फोन बंद मिला. कुछ लोगों को लड़की के घर भेजा गया तो वहां पर भी ताला लटका हुआ था. जब किसी के बारे में कुछ पता नहीं चला तो दूल्हा पक्ष दुल्हन के भाग जाने की शिकायत लेकर थाना लोहामंडी पहुंचा. यहां पुलिस को पूरी जानकारी दी गई. पुलिस लड़की के घरवालों और लड़क की तलाश में है.
दूल्हे की उम्र को लेकर चर्चा
बताया जाता है कि शादी में जयमाला के दौरान दूल्हे की उम्र को लेकर दुल्हन पक्ष के लोगों में चर्चा चल रही थी. कुछ लोगों का कहना था कि दूल्हा उम्र में दुल्हन से दोगुना होगा. इसके बाद एक युवक आया ओर वह बाइक पर दूल्हन को लेकर चला गया. बाद में उसके परिवार वाले भी चले गए. जिस व्यक्ति ने शादी कराई थी वह भी नहीं मिल रहा है. दूल्हा पक्षका कहना है कि शादी का पूरा खर्च उनकी ओर से उठाया गया है. लड़की वालों ने कहा था कि वो बहुत गरीब हैं.