
10 सीजीपीए हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं में एएमयू गर्ल्स स्कूल की अंजलि वार्ष्णेय, इंजिला साजिद, जुवैरिया इफ्फत और कुदसिया खान के अतिरिक्त एएमयू सिटी स्कूल के अमर्श गौतम एवं गगन मिश्रा शामिल हैं। एएमयू डायरेक्ट्रेट ऑफ स्कूल एजूकेशन के डायरेक्टर प्रो. मोहम्मद गुलरेज ने बताया कि परीक्षा में छात्र-छात्राओं की सफलता का प्रतिशत 94.96 प्रतिशत है। एएमयू गर्ल्स स्कूल एवं सिटी स्कूल को छोड़कर अन्य किसी स्कूल के छात्र-छात्रा 10 सीजीपीए हासिल नहीं कर सके। परीक्षा में सैयद हामिद सीनियर सेकेंडरी स्कूल ब्वायज, सीनियर सेकेंडरी स्कूल गर्ल्स, एबीके स्कूल, एसटीएस, एएमयू गर्ल्स सिटी स्कूल काजीपाड़ा के छात्र-छात्रा भी शामिल हुए थे। सिटी स्कूल के प्राचार्य तनवीर नबी ने सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी हैं।
कोई डॉक्टर तो कोई बनना चाहता है आईएएस
10 सीजीपीए हासिल करने वाली कुदसिया खान डॉक्टर बनना चाहती हैं। कुदसिया धौर्रा निवासी प्रो. मुसाद्दिक जहां एवं अब्दुल जब्बार की पुत्री हैं। अम्मी प्रो. मुसाद्दिक जहां एएमयू वीमेंस कॉलेज में मनोविज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं। बड़े भाई मो. बिलाल एएमयू में बीटेक फाइनल ईयर के छात्र हैं। कुदसिया ओएलएफ से कक्षा 8 की हैं। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कहानी लेखन प्रतियोगिता में सेकेंड प्राइज जीत चुकी हैं। साहित्यिक अभिरुचि रखने वाली मेधावी छात्रा कुदसिया कहानी एवं कविता भी लिखती हैं।
वहीं, रेडिया कॉलोनी निवासी रूबिना साजिद एवं साजिद इखलाक की होनहार पुत्री इंजिला साजिद आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। वह कहती हैं कि हर छात्र को अपने गुरुजनों का आदर करना चाहिए। सफलता के लिए यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि बुशरा मैम एवं अन्य शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन एवं परिजनों के प्यार एवं सहयोग से यह सफलता हासिल कर सकी। इंजिला के भाई इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे है और जेई एडवांस दे चुके हैं।
एएमयू सिटी स्कूल के 10 सीजीपीए हासिल करने वाले छात्र अमर्श गौतम आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहते है। हरिओम नगर निवासी अमर्श के पिता अमिताभ गौतम एलआईसी में सहायक शाखा प्रबंधक है। फिलहाल वह हाथरस में तैनात है। अमर्श 24 में 16 से 18 घंटे पढ़ाई करते हैं।विनती कोचिंग के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। यहां की अंजलि वार्ष्णेय ने 10 सीजीपीए हासिल की है। वह मामू भांजा निवासी अशोक कुमार वार्ष्णेय की पुत्री है। डायरेक्टर विनीत विनीत शर्मा ने बताया कि उनके यहां से 21 विद्यार्थियों ने 9 से ऊपर सीजीपीए हासिल किया है।
Leave a comment