आगरालीक्स…मेरे दोस्त भी खेलते थे, लेकिन उनकी मां तो उनसे कुछ नहीं कहती थीं…पबजी खेलने के लिए मां की गोली मारकर हत्या करने वाले बेटे से पूछताछ में हैरान करने वाले जवाब…ये भी जानिए पबजी कब शुरू हुआ, पबजी बैटलग्राउंड है, क्यों हो जाते हैं बच्चे आदी, आपका बच्चा भी तो नहीं…
लखनऊ में कक्षा दसवीं में पढ़ने वाले 16 साल के बेटे ने पबजी गेम के लिए अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से मां को गोली मारकर हत्या कर दी. वह अपनी मां के शव के साथ दो दिन भी रहा और बदबू न आए इसके लिए रूम फ्रेशनर का भी प्रयोग किया. इस मामले का जब खुलासा हुआ तो हर कोई हैरान रह गया. सनसनीखेज इस वारदात ने हर किसी को हिला कर रख दिया. ऐसा इसलिए क्योंकि पबजी और इस तरह के अन्य गेम्स बच्चों की इस समय पसंद बने हुए हैं. पेरेंट्स की भी इसमें लापरवाही सामने आती है कि वह बच्चों द्वारा खेले जा रहे इन गेम्स पर ज्यादा ध्यान नहीं देते या फिर बच्चों को अपना टाइम नहीं देते.

लखनऊ में हुई इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने बेटे को अरेस्ट कर लिया है और उससे पूछताछ भी की है, जबकि सैन्यकर्मी उसका पिता अब चाहता है कि बच्चे को माफ कर दिया जाए. उसने नासमझी में ऐसा काम किया है. इधर जब पुलिस ने बच्चे से इस कत्ल के बारे में पूछताछ की तो बच्चे ने कई हैरान करने वाले जवाब दिए. पढ़िए पुलिस के सवाल और बच्चे के जवाब
तुमने ऐसा क्यों किया
मम्मी रोका टोकी बहुत करती थी. गेम नहीं खेलने देती थी.
गोली कैसे मारी और डर नहीं लगा कि पुलिस पकड़ लेगी
रात में सोते समय, जब मम्मी सो गई तब पापा की पिस्टल से गोली मारी और मुझे ऐसा करने में डर नहीं लगा.
बहन को क्या कहा
बहन को भी बोल दिया कि मम्मी के बारे में किसी को बताया तो तुमको भी ऐसे मार दूंगा, तुम चुप रहना.
मोबाइल में कौन सा गेम खेलते थे
आनलाइन पबजी गेम, फाइटर इंस्टाग्राम पर रहता था.
मम्मी डांटती थी, क्या मोबाइल पर पोर्न भी देखते थे
गेम खेलना अच्छा लगता था, मम्मी रोकती थी तो गुस्सा आता था. मेरे दोस्त भी गेम खेलते थे और पोर्न देखते थे लेकिन किसी की मम्मी किसी से कुछ नहीं कहती थी.
अगर गेम खेलने पर पापा मारते तो उनको भी गोली मार देते
पापा अगर मारते तो तब की तब सोची जाती
तुमको जेल हो जाएगी ऐसा बिल्कुल नहीं सोचा था
नहीं ऐसा मैंने बिल्कुल भी नहीं सोचा, मैं ऐसा सोचता ही नहीं हूं
दोस्तों के साथ पार्टी क्यों की
जब मां को गोली मारी तब में रात को डर गया. इसलिए दोस्तों के साथ पार्टी की
दो दिन बहन को खाना कैसे खिलाया
बहन के लिए खाना लाने के लिए स्कूटी से बाहर जाता था, जो मन था वही खाने को लाता था. घर पर भी खाना बनाया जो बहन को पसंद था वही बना देता था.
जानिए क्या है पबजी गेम और कब हुई इसकी शुरुआत (साभार—विकीपीडिया)
प्लेयरअननोन्स बैटलग्राउंड्स या पबजी एक ऑनलाइन मल्टीप्लेयर गेम है, जिसे पबजी कार्पोरेशन ने बनाया है। यह कंपनी दक्षिण कोरिया के गेम कंपनी ब्लूहोल की सहायक कंपनी है। इस गेम के अंदर में सौ लोग पैराशूट से एक द्वीप में उतरकर कई प्रकार के हथियारों को ढूंढकर स्वयं को बचाते हुए दूसरों को मारते हैं, जिसमें सुरक्षित क्षेत्र के गोलक में रहकर ही खेलना होता है। घेरा भी धीरे-धीरे छोटा होता जाता है ताकि जीवित खिलाड़ी एक दूसरे के आमने-सामने हो सकें। जो खिलाड़ी या टीम अंत तक खड़ा रहता है वही विजयी होता है। यह खेल मार्च 2017 में सर्वप्रथम माइक्रोसॉफ्ट विंडोज़ में स्टीम के पूर्व गम्य संस्करण में बीटा के रूप में प्रकाशित हुआ जिसका पूर्ण रूप 20 दिसंबर 2017 को प्रकाशित किया गया। उसी महीने यह खेल माइक्रोसॉफ्ट स्टूडियोज़ के द्वारा एक्सबॉक्स खेल पूर्वावलोकन कार्यक्रम के अंतर्गत एक्सबॉक्स वन के लिये प्रकाशित किया गया जिसे पूर्ण रूप से सितंबर 2018 में घोषित कर दिया गया। उसी साल यह प्लेस्टेशन 4 तथा एन्ड्रॉयड और आइओएस हेतु निर्मित हुआ तथा जून 2018 तक 50 मिलियन की संख्या से सबसे अधिक बिकने वाला खेल बना। तब तक स्टीम में ही लगभग तीस लाख खिलाड़ी थे। यह गेम एक विवाद का विषय बना रहा। भारत, नेपाल, इंडोनेशिया, जॉर्डन और इराक में बैन भी किया गया था। यह गेम बच्चों में मारपीट और चोरी को बढ़ावा देता है ऐसा माना जाता रहा है। इन सब विवादों के बावजूद यह एक बड़ा मनोरंजक उत्पाद बना था। भारत में इसे लोगों की जानकारी भारत से बाहर भेजने के मामले में बैन किया गया है।