आगरालीक्स.. आगरा में चांदी का काम करने वाले भाईयों ने सब इंस्पेक्टर और सिपाहियों पर लगाए एनकाउंटर करने की धमकी देकर 74 हजार रुपये वसूली करने और हिरासत में रखने के आरोप, एसएसपी ने चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सहित तीन सस्पेंड। एसपी वेस्ट को सौंपी जांच। #agrassp# #chaukiinchargesuspend# #iilegalrecovery#

आगरा के थाना एत्माउददौला में शनिवार को थाना दिवस आयोजित किया गया। थाने पर डीएम प्रभु एन सिंह और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह शिकायतें सुन रहे थे। इसी दौरान दो बिसावर, सादाबाद निवासी विपिन और उनका भाई धमेंद्र गांव के लोगों के साथ पहुंचे। बताया कि चांदी के घुंघरू बनाने का काम करता है। उन्होंने आरोप लगाए कि 7 जून को वे 25 किलो चांदी से बने घुंघरू लेकर नमक की मंडी सर्राफा बाजार जा रहे थे। टेढ़ी बगिया पर बाइक सवार पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। उनसे पूछा बैग में क्या हैं जब उन्होंने बताया कि चांदी के घुंघरू हैं तो चौकी चलने के लिए कहा, इस पर उन्होंने मना कर दिया।
कार में डालकर ले गए चौकी
आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने चौकी पर फोन कर दिया। फाउंड्री नगर चौकी इंचार्ज सहित चार लोग आ गए, दोनों को कार में डाल कर फाउंड्री नगर चौकी पर लेकर पहुंचे। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने धमकी दी कि चांदी चोरी करने के आरोप में एनकाउंटर कर देंगे और जेल भेज देंगे। इससे वे डर गए, पांच लाख रुपये मंगवाने के लिए परिजनों को वाटस एप कॉल कराई, उनके पिता रुपये लेकर पहुंचे। आरोप है कि 74 हजार रुपये लेने के बाद सात जून की रात को छोड़ा साथ ही धमकी दी कि किसी से शिकायत की तो बच नहीं पाओगे।
आरोप सही लगने पर किए सस्पेंड
थाना दिवस पर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह और डीएम प्रभु एन सिंह शिकायतें सुन रहे थे, एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने शिकायत सुनने के बाद प्रथम दृष्टया मामला सही मानते हुए चौकी प्रभारी फाउंड्री नगर नीलकमल, कांस्टेबल कपिल और आशीष नेहरा को निलंबित कर दिया है, दो अज्ञात भी बताए गए हैं उनकी तलाश की जा रही है। इस पूरे मामले की जांच एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता को सौंपी गई है।