आगरालीक्स….आगरा में अगले सप्ताह से स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां खत्म हो रही हैं. टेम्परेचर लगातार 45 °C है और हीट स्ट्रोक का भी खतरा है. बच्चों के साथ पेरेंट्स और शिक्षक परेशान. छुट्टियां बढ़ाने की मांग…आप भी दें अपनी राय
आगरा सहित पूरे यूपी में इस समय गर्मी का कहर बना हुआ है और ये फिलहाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है, बावजूद इसके प्रदेश में 16 जून से स्कूलों की गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने जा रही हैं. यूपी के बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूल ने भी आधिकारिक तौर पर आगामी 15 जून को गर्मियों का अवकाश खत्म् करने की घोषणा कर दी है. यूपी में 19 मई को गर्मियों की छुट्टियां शुरू हुई थीं. ऐसे में इस बार यूपी के छात्रों को केवल 26 दिन कही ही गर्मियों की छुट्टियां मनाने का मौका दिया गया था. ये तो हुई सरकारी स्कूलों की बात, लेकिन आगरा के कई कॉन्वेंट और निजी स्कूलों में भी आगामी सप्ताह से समर वैकेशन समाप्त हो रहा है और फिर से स्कूल खोलने की तैयारी शुरू हो रही है. शहर के कई निजी व कॉन्वेंट स्कूलों में 20 जून से स्कूल खोलने की पूरी तैयारी है.

45 डिग्री सेल्सियस तापमान
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. पिछले दस दिन से 45 डिग्री सेल्सियस के करीब आगरा का तापमान बना हुआ है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान ये है कि अभी फिलहाल आने वाले सप्ताह तक तो गर्मी से राहत की कोई भी संभावना नहीं है और आने वाले इन दिनों में आगरा का तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. हीट स्ट्रोक का खतरा लगातार बना हुआ है. बाहर निकलना एक पल भी मुश्किल हो रहा है. ऐसे में अगले सप्ताह से बच्चों के स्कूल खुल रहे हैं, जिसके कारण न सिर्फ बच्चे बल्कि उनेक पेरेंट्स और टीचर्स तक गर्मी से परेशान हैं.
छुट्टियां बढ़ाने की मांग
आगरा में पड़ रही भीषण गर्मी और अगले सप्ताह से स्कूल खुलने को लेकर अभी से पेरेंट्स परेशान हैं. पेरेंट्स की ओर से लगातार डिमांट आ रही है कि बच्चों के स्कूलों की छुट्टियां 30 जून तक कर दी जाएं. एक जुलाई से फिर से स्कूल खोले जाएं तो काफी अच्छा रहेगा. तब तक मानसूनी बारिश होने की आगरा में पूरी संभावनाएं हैं.
इस संबंध मे यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन के जिला महामंत्री राजीव वर्मा के अनुसार परिषदीय स्कूलों में 30 जून तक अवकाश बढ़ाया जाना चाहिए. 16 से 30 जून तक भीषण गर्मी होती है ओर लू चलती है, यह स्टूडेंट्स के साथ टीचर्स के लिए घातक होती है.