आगरालीक्स…आगरा में छात्रा के साथ गैंगरेप. दो युवकों ने नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म. क्रिकेट खेल रहे युवकों ने आरोपी पकड़े…मुकदमा दर्ज..
आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. गांव की एक 17 साल की छात्रा को दो युवक जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए. आरोप है कि युवकों ने नशीली कोल्ड ड्रिंक मिलाकर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. आज रविवार को आरोपी युवक छात्रा को दूसरी जगह ले जा रहे थे लेकिन छात्रा ने शोर मचा दिया जिसके बाद पास में ही क्रिकेट खेल रहे युवकों ने आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया. आरोपियों के खिलाफ थाना खंदौली में मुकदमा दर्ज किया गया है.

पिता ने दी तहरीर
छात्रा के पिता ने थाने में तहरीर दी है जिसके अनुसार हरपाल निवासी पैंतखेड़ा और भूपेंद्र निवासी कचनाऊ मथुरा शनिवार दोपहर को उनकी बेटी को जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए. रास्ते में उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया जिसके बाद सौरई के समीप यमुना एक्सप्रेस वे पुल के नीचे दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. रातभर किसी स्थान पर उसे रखने के बाद आज रविवार को युवक छात्रा को दूसरी जगह ले जाने लगे.
बताया जाता है कि जब छात्रा को आरोपी ले जा रहे थे तब छात्रा ने शोर मचा दिया. चीख पुकार सुनकर पास में ही क्रिकेट खेल रहे युवकों ने दौड़कर आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस के अनुसार इनमें एक आरोपी छात्रा का रिश्तेदार है. थाना पुलिस ने पिता की तहरीर पर दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोपी युवकों से पूछताछ की जा रही है.