आगरालीक्स….. आगरा में 18 पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की बिक्री बंद, ड्राई हुए पंप, रिलायंस पेट्रोल पंप पर खपत की तुलना में 10 फीसद ही पेट्रोल और डीजल, जानें कारण, कहां से भरवाएं पेट्रोल और डीजल।
आगरा में निजी कंपनियों के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कमी हो गई है। निजी कंपनी के पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल मिलना बंद हो गया है। नियारा कंपनी के पंप डीलर सनी खन्ना का मीडिया से कहना है कि जिले में कंपनी के 18 पेट्रोल पंप हैं। एक सप्ताह से कंपनी से डीजल और पेट्रोल नहीं मिल रहा है, पेट्रोल पंप ड्राई हो गए हैं और पेट्रोल और डीजल पंपों से नहीं मिल रहा है। इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा निजी कंपनियों को 25 रुपये प्रति लीटर महंगा पेट्रोल डीजल दिया जा रहा है। इसलिए कंपनी पेट्रोल और डीजल नहीं खरीद रही हैं।
रोजाना एक लाख लीटर डीजल पेट्रोल की बिक्री
निजी कंपनी के 18 पेट्रोल पंपों से हर रोज औसतन एक लाख लीटर डीजल पेट्रोल की बिक्री होती है। एक सप्ताह से बिक्री बंद है और पेट्रोल और डीजल की सप्लाई नहीं हो रही है।
रिलायंस के पेट्रोल पंंप पर 10 फीसद ही स्टॉक
आगरा में रिलायंस पंप के डीलर उमेश जैन का कहना है कि रिलायंस की पंपों पर पेट्रोल सात रुपये और डीजल पांच रुपये महंगा है, इससे बिक्री कम हुई है। साथ ही स्टॉक भी कम हो गया है, 10 फीसद ही स्टॉक है।

आगरा में 200 पेट्रोल पंप, इन पंपों पर नहीं है कमी
आगरा में 200 पेट्रोल पंप हैं। आगरा पेट्रोल पंप आनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश मल्होत्रा का कहना है कि आईओसी, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पंपों पर पेट्रोल और डीजल की कमी नहीं है।