आगरालीक्स …..आगरा में 133 करोड़ से बने साईकिल ट्रैक का एक बड़ा हिस्सा खोदा, जिम्मेदारों ने झाड़ा पल्ला, बोले पता नहीं साईकिल ट्रैक कौन खोद गया।
आगरा में सपा सरकार में अवंतीबाई चौराहे से फतेहाबाद रोड, इनर रिंग रोड से होते हुए, बाह से इटावा तक 207 किलोमीटर लंबा साईकिल ट्रैक 133 करोड़ से बनाया गया। साईकिल ट्रैक आगरा में आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग स्वास्थ्य के लिए साईकिल चला सकें, इसलिए बनाया गया था।
एएसआई कार्यालय से मंडलायुक्त कार्यालय तक खोदा साईकिल ट्रैक
साईकिल ट्रैक का एएसआई कार्यालय से लेकर मंडलायुक्त कार्यालय तक का हिस्सा खोद दिया गया है। शनिवार को लोगों की नजर पड़ी, साईकिल ट्रैक पर सुबह और शाम घूमने जाने वाले लोगों में साईकिल ट्रैक की खोदाई से आक्रोश है। मगर, यह ट्रैक किसने खोदा किसी को जानकारी नहीं है।

2016 में हुआ था ट्रैक का शुभारंभ
आगरा में 133 करोड़ से बने साईकिल ट्रैक का शुभारंभ 26 नवंबर 2016 को हुआ था, साईकिल ट्रैक का लोग इस्तेमाल भी करने लगे लेकिन कई जगह साईकिल ट्रैक पर अतिक्रमण कर लिया गया है।
पता नहीं किसने खोदा ट्रैक
इस मामले में मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग आगरा परिक्षेत्र संजीव भारद्वाज का कहना है साईकिल ट्रैक की खोदाई किसने की, यह पता नहीं है। जल निगम या किसी मोबाइल कंपनी द्वारा खोदाई की जा सकती है, जिसकी जांच कराने के बाद जिसने भी खोदाई की है उसी से ट्रैक सही कराया जाएगा।