आगरालीक्स…आगरा में शर्मनाक मामला. महिला का आरोप—पति से नहीं हुआ बच्चा तो देवर और जेठ ने बंधक बनाकर किया दुष्कर्म. एसएसपी से की शिकायत…
आगरा में शनिवार को एक शर्मनाक मामला सामने आया है. एसएसपी से शिकायत करने पहुंची एक महिला ने अपने जेठ व देवर पर घर में ही बंधक बनाकर एक साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. महिला का यह भी आरोप है कि जब उसने इसकी शिकायत अपने पति और सास—ससुर से की तो उन्होंने भी डरा—धमकाकर चुप करा दिया. एसएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

पांच साल पहले हुई थी शादी
पीड़ित महिला के अनुसार वह बचपन से ही मां बाप से अलग अपनी मौसी के यहां रहती थी. पांच साल पहले उसकी और उसकी छोटी बहन की शादी क्षेत्र के ही एक गांव में दो भाइयों से करा दी गई. शादी के पांच साल बाद अभी तक उसे बच्चा नहीं हुआ है जबकि छोटी बहन बच्चे को जन्म दे चुकी है. महिला ने एसएसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जब पति से उसके कोई बच्चा नहीं हुआ तो जेठ और देवर ने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. घर में बंधकर बनाकर एक साल से उसके साथ यौन शोषण किया जा रहा है.
महिला का कहना है कि उसने इसकी शिकायत अपने पति से की तो उसने कहा कि क्या हुआ, बच्चा तो चाहिए. सास—ससुर ने भी कुछ नहीं किया. धमकी दी कि जुबान खोली तो जान से हाथ धोना पड़ेगा. महिला का कहना है कि उसके भी मां बाप ने उसकी नहीं सुनी. किसी तरह वह 22 जून को घर से भाग निकली और आज एसएसपी के पास पहुंची. एसएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.