आगरालीक्स…ताजमहल में मंदिर है या नहीं…आगरा के पुरातत्व विभाग ने RTI का दिया ये जवाब…
आगरा का ताजमहल विश्व प्रसिद्ध है और इसको देखने के लिए देशविदेश से हजारों पर्यटक यहां आते हैं. लेकिन ताजमहल भी अक्सर विवादों में रहता है. समय—समय पर हिंदूवादी संगठनों द्वारा दावा किया जाता रहा है कि ताजमहल के अंदर हिंदू देवी देवताओं की मूर्ति है और ये तेजोमहालय है. हालांकि पुरातत्व विभाग अक्सर इसको लेकर इनकार करता रहा है. अब एक बार फिर RTI के जरिए पुरातत्व विभाग ने ताजमहल या तेजोमहालय को लेकर पटाक्षेप करने का प्रयास किया है…
इन्होंने दाखिल की RTI
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता साकेत एस गोखले ने सूचना का अधिकार के तहल जानकारी मांगी थी कि क्या ताजमहल में कोई मंदिर है. इसके साथ ही मुख्य गुंबद के निचले हिस्से में बने तहखानों के 20 कमरों में हिन्दू देवी देवताओं के होने के बारे में भी जानकारी मांगी थी. अब इसका जवाब आगरा के पुरातत्व विभाग ने दिया है.
एएसआई आगरा सर्किल के केंद्रीय जनसूचना अधिकारी महेश चंद मीना ने इसका जवाब देते हुए तहखाने में हिंदू देवी देवताओं की मूर्तियां होने से इनकार किया है. पहले सवाल के जवाब में उन्होंने एक शब्द में ‘नो’ लिखा है जबकि दूसरे सवाल के जवाब में उन्होंने तहखानों में किसी देवी देवता की मूर्ति न होने की बात बताई गई है.