आगरालीक्स..लालच बुरी बला है. फ्रीज, कूलर, एलईडी, एसी पर 45 प्रतिशत छूट के लालच में 100 लोगों ने गंवा दिए 60 लाख रुपये. रातोंरात शोरूम पर ताला लगाकर संचालक फरार..पढ़ें पूरा मामला
लालच बुरी बला है. जिसने भी लालच किया, उसका नुकसान ही हुआ है. लालच के इसी चक्कर में मथुरा के 100 लोग 60 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गए हैं. घरेलू सामान पर 45 फीसदी छूट का झांसा देकर शोरूम संचालक इनके पैसे जमा करके रातोंरात शोरूम को ताला लगाकर भाग गया. मंगलवार को पीड़ितों ने शोरूम पर जमकर हंगामा किया. सूचना पर हाईवे थाना पुलिस पहुंच गई और पीड़ितों को जांच का आश्वासन देकर शांत कराया.

डेढ़ महीने पहले खोला शोरूम
थाना हाइवे के सौंख रोड स्थित पालीखेड़ा में लगभग डेढ़ महीने पहले आरपी होम नीड्स एंड आर्डर सप्लायर के नाम से शोरूम खुला था. शोरूम का संचालक पालानिवेल राजागोपाल निवासी तमिलनाडु था. इसने यहां पर किराये पर शोरूम खोला और शोरूम पर घरेलू सामान जैसे फ्रीज, कूलर, एलईडी, एसी, सोफा सेट, डबलबेड आदि आवश्यक वस्तुओं पर बाजार रेट से 45 प्रतिशत कम रेट पर उपलब्ध कराने का आफर दिया. आर्डर बुक करने के नाम पर शोरूम संचालक ने क्षेत्र व उसके आसपास के लोगों से करीब 60 लाख रुपये जमा करा लिए.
लोगों के 60 लाख रुपये जमा करने के बाद संचालक रातों रात शोरूम पर ताला लगाकर भाग गया. इसकी जानकारी जैसे ही ठगी के शिकार लोगों को हुई तो मंगलवार को वे शोरूम पर पहुंच गए और यहां पर जमकर हंगामा काटा. सूचना पर हाइवे पुलिस पहुंच गई. पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया. पुलिस के अनुसार करीब 100 लोगों से 60 लाख रुपये की ठगी की गई है. अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है.अब तक की जांच में लगता है कि शोरूम संचालक यहां पहले ही प्लानिंग करके आया था. लोगों को दिखाने के लिए उसने शोरूम खोला था और जैसे ही मौका लगा जालसाज लाखों रुपये की चपत लगाकर फरार होग या. फिलहाल उसके सभी खाते ब्लॉक किए जाने की कार्रवाई की जा रही है.