आगरालीक्स…आगरा में विकास के मुद्दे पर कामन एजेंडा तैयार करेगी रालोद, एक गैर राजनैतिक बैठक होगी, जानें पूरा मामला.
आगरा में सिविल एयरपोर्ट विकास की उम्मीदों को पंख लगा सकता है। रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन आगरी ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष से मुलाकात के बाद यह बात कही।

उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की अध्यक्षता में पार्टी के नव नियुक्त प्रवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज के दौर में जन संचार के माध्यमों की भूमिका बहुत अहम हो गई है। पार्टी प्रवक्ताओं को मीडिया के विभिन्न माध्यमों से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता के बीच पहुंचाना है। किसानों, युवाओं और शोषित-वंचित तबके की समस्याओं को जनसंचार के माध्यमों से आगे लाकर लोगों को जागरूक करना है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शाहिद सिद्धीकी ने पार्टी की सामाजिक समरसता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने को कहा। आगरा से बैठक में शामिल हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता और कवि पवन आगरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से आगरा में सिविल एयरपोर्ट के मुद्दे पर मुखर होने का आग्रह किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी जनहित के मुद्दों पर सदन में आगरा का पक्ष प्रभावी रूप से रखने के लिए एक गैर राजनैतिक बैठक में आने का आश्वासन दिया, जिसमें यह काॅमन एजेंडा तैयार किया जा सके कि उनके जरिए राज्यसभा में ताजनगरी के विकास के लिए कैसे आवाज बुलंद की जा सकती है। राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में मोहम्मद इस्लाम, मनीषा अहलावत, निशा चौधरी, भूपेंद्र चौधरी भी उपस्थित रहे।