आगरालीक्स…आगरा में यमुना में डूबे युवक का शव दो दिन बाद मिला. सरकारी नौकरी न मिलने से था परेशान. व्हाट्सअप पर मां-बाप के लिए लिखा था ये…..
थाना न्यू आगरा अंतर्गत नगला तलफी में रहने वाले युवक का शव दो दिन बाद यमुना नदी के फतेहाबाद स्थित समोरा घाट पर मिल गया है. रविवार रात को युवक यमुना में कूद गया था. वह सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था और सरकारी नौकरी न मिलने से परेशान था. युवक की तलाश में गोताखोर और पुलिसकर्मी लगातार लगे हुए थे. मंगलवार शाम को उसका शव फतेहाबाद स्थित यमुना के समोरा घाट पर मिला. मृतक ने कूदने से पहले व्हाट्सअप स्टेटस पर खुदकुशी के बारे में लिखा था. उसका मोबाइल और चप्पल नाव में रखे मिले थें.

ये है पूरा मामला
युवक का नाम कर्मवीर सिंह पौनिया था और वह नगला तलफी का रहने वाला थसा. कर्मवीर सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था. परिजनों ने बताया कि उसे सरकारी नौकरी नहीं मिल रही थी जिसके कारण वह परेशान था. रविवार रात को कर्मवीर के यमुना में कूदने की जानकारी परिजनों को मिली. कर्मवीर ने अपने व्हाटसअप स्टेटस में लिखा कि मम्मी-पापा मुझे माफ कर दो. मैं कोई सरकारी नौकरी नहीं पा सका. खुदकुशी कर रहा हूं.
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने यमुना में उसकी तलाश करना शुरू की. लेकिन रात को अंधेरा होने के कारण ठीक से तलाश नहीं हो पाई. सोमवार सुबह से युवक की तलाश लगातार यमुना में की जा रही थी. मंगलवार को शव मिलने के बाद उसे पेास्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.