आगरालीक्स…. आगरा में कोरोना का संक्रमण बढ़ने लगा है, कई राज्यों में संक्रमण दर 10 फीसद से अधिक। आज आगरा में 215 केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन के लिए मेगा कैंप, अपने पास के केंद्र पर जाकर लगवा सकते हैं पहली, दूसरी और तीसरी डोज।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि शासन के निर्देश पर सात अगस्त को जनपद के जिला अस्पताल, एसएन मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बने कोविड टीकाकरण केंद्रों पर मेगा कैंप आयोजित होगा। इसमें बड़ी संख्या में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोविड टीके की एहतियाती डोज लगाई जाएगी।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए कोविड टीके की एहतियाती डोज लगवाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मेगा कैंप में आकर 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोग एहतियाती डोज लगवाएं। उन्होंने बताया कि मेगा कैंप के लिए इंटीग्रेटेड कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से फोन कॉल एवं निगरानी समिति, फ्रंट लाइन वर्कर, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता दवारा व्यक्तिगत फॉलोअप किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एहतियाती डोज लगवाने के लिए ऑनलाइन अप्वॉइंटमेंट और वॉक इन अप्वॉइंटमेंट की भी सुविधा है।