
आगरा में सिक्स लेन का काम चल रहा है, इसके लिए वाटर वक्र्स और सुल्तानगंज की पुलिया पर फ्लाईओवर बन रहे हैं। यहां पिलर खडे हो चुके हैं, इन पर लेंटर डाला जाना है, इसके लिए शटरिंग की गई थी। गुरुवार रात को मजदूर शटरिंग पर काम कर रहे थे, रात साढे आठ बजे शटरिंग का हिस्सा तेज आवाज के साथ नीचे गिर गया, इसके साथ ही कुछ मजदूर भी शटरिंग की चपेट में आ गए। इसे देख वहां काम कर रहे मजदूर चीख पुकार मचाने लगे, इस पर स्थानीय लोग भी आ गए। एनएचएआई के अधिकारियों में खलबली मच गई। शटरिंग गिरने से चपेट में आए मजदूरों को बाहर निकाला गया।
लाइट कर दी बंद, छिपाने में जुटे रहे
हादसे की जानकारी होने पर मीडिया कर्मी पहुंच गए, इसे देख वाटर वक्र्स चौराहे पर जहां फ्लाईओवर की शटरिंग गिरी थी, वहां की लाइट बंद कर दी। एनएचएआई के अधिकारी मामले को छिपाने में जुटे रहे।
धीमी गति से चल रहा है काम, लगा रहता है जाम
एनएचएआई द्वारा सिक्स लेन के तहत बहुत धीमी गति से कार्य चल रहा है, इससे शहर में जगह जगह जाम लगा रहता है। सर्विस रोड पर निकलना मुश्किल हो चला है। इस बारे में कई बार रिपोर्ट भी प्रकाशित हो चुकी हैं, इसके बाद भी कार्य की गति तेज नहीं हुई है। जबकि फ्लाईओवर का कार्य इसी साल पूरा होना है, लेकिन जिस गति से कार्य चल रहा है, उससे अगले एक साल में भी कार्य पूरा होने की उम्मीद नहीं है।
Leave a comment