आगरालीक्स …आगरा कॉलेज के नए प्राचार्य नरेंद्र सिंह बनाए गए हैं। प्राचार्य के पद को लेकर हुए विवाद के बाद कमिश्नर चंद्रकांत ने उच्च शिक्षा अधिकारी और प्रबंध समिति की सिफारिश पर डॉ नरेंद्र सिंह को प्राचार्य बनाया है। इस प्रकरण में जब तक कोई और निर्णय नहीं आता है नरेंद्र सिंह आगरा कॉलेज के प्राचार्य रहेंगे। वे आगरा कॉलेज में शारीरिक शिक्षा विभाग में हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने आगरा कॉलेज सहित प्रदेश के 156 प्राचार्यों की नियुक्ति रद कर दी थी, इसके बाद से प्राचार्य डॉ मनोज रावत को हटाए जाने के लिए कॉलेज के शिक्षकों का एक गुट मांग कर रहा था। इसे लेकर कई बार कमिश्नर और डीएम से भी शिकायत की गई थी। बुधवार को उच्च शिक्षा निदेशक ने प्राचार्य को हटाने और वरिष्ठ शिक्षक को प्राचार्य बनाए जाने के आदेश जारी किए, इसके बाद प्राचार्य कार्यालय में डॉ एके गुप्ता को बुलाकर चार्ज दे दिया गया। इस पर विवाद खडा न हो जाए, इसके लिए अन्य शिक्षकों को इसकी जानकारी नहीं दी गई।
प्राचार्य कार्यालय पर ताला
गुरुवार सुबह जानकारी होने पर प्राचार्य पद के दावेदार डॉ नरेंद्र अपने शिक्षक साथियों के साथ कॉलेज पहुंच गए और प्राचार्य कार्यालय पर ताला लगाकर चाबी ले ली, कुछ देर बाद नए प्राचार्य डॉ एके गुप्ता को लेकर पूर्व प्राचार्य डॉ मनोज रावत आ गए, इसके बाद शिक्षकों के बीच विवाद हो गया, एक दूसरे को खरी खरी सुनाई।
प्राचार्य पद के लिए होने लगी थी गुटबाजी
आगरा कॉलेज में प्राचार्य पद के लिए गुटबाजी हो रही थी, शिक्षकों का एक गुट डॉ एके गुप्ता को प्राचार्य बनाना चाहता था। जबकि दूसरे गुट की तरफ से नरेंद्र सिंह प्राचार्य के लिए दावेदारी कर रहे थे। इसे लेकर शिक्षक आमने सामने आ रहे थे।इसके चलते डॉ एके गुप्ता को शाम को गुपचुप तरीके से प्राचार्य पद का चार्ज दिया गया, जिससे शिक्षकों का दूसरा गुट इसका विरोध ना कर सके।
Leave a comment