आगरालीक्स …आगरा में एक घर में घुसे बदमाशों के विरोध में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, युवक ने एक बदमाश को पकड लिया था, उसके अन्य साथियों ने युवक के गोली मार दी, उसके सीने में गोली लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वहीं, भागते डकैतों को स्थानीय लोगों ने पकडने की कोशिश की, वे बाइक और लूट की ज्वैलरी छोडकर फरार हो गए। इस घटना से लोगों में आक्रोश है, पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
पुरानी आबादी, बोदला थाना जगदीशपुरा में सोमवार सुबह तीन बजे पांच छह बदमाश बंद मकान में घुस गए, इसी बीच मकान के सामने रहने वाले शशि कपूर टॉयलेट करने के लिए गए। उन्होंने मकान का ताला टूटा देखा और एक बदमाश वहां खडा हुआ था। उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाश को पकड लिया। इस पर उसके अन्य साथी मकान से निकल आए, एक ने शशि कपूर के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग आ गए, उन्हें देख बदमाश भागने लगे। उनकी बाइक और एक थैला वहीं रह गया, उसमें ज्वैलरी थी।
अस्पताल ले जाने में हो गई मौत
स्थानीय लोग खून से लथपथ शशि कपूर को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोग शव को कॉलोनी में ले आए और पुलिस चौकी से कुछ दूर हुई घटना के बाद भी पुलिस के न आने पर आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया।
घर में मचा कोहराम
इस घटना से कॉलोनी में कोहराम मच गया। शशिकपूर बहुत सीधा और मिलन सार था, उसकी मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वह लोगों की मदद के लिए तैयार रहता है, इस घटना के बाद से लोग स्तब्ध हैं।
कहीं और भी डकैती डालकर आए थे बदमाश
बदमाशों के थैले से ज्वैलरी मिली है, इससे अंदाया लगाया जा रहा है कि वे कहीं और से भी डकैती डालकर आए थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
Leave a comment