आगरालीक्स …आगरा में फॉर्च्यूनर गाड़ी प्रकरण में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ब्रज क्षेत्र मंत्री दिव्या चौहान को किया गया पद मुक्त। मुकदमा दर्ज होने के बाद दिव्या चौहान की तलाश में जुटी पुलिस. बुधवार रात को भारतीय जनता युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष मनीष गौतम ने ब्रज क्षेत्र महामंत्री अमित चौधरी और ब्रज क्षेत्र मंत्री दिव्या चौहान को प्रदेश व क्षेत्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार पद मुक्त किए जाने का आदेश अपनी फेसबुक वॉल पर पोस्ट किया है।

ये है मामला
बमरौली कटारा निवासी रेहान खान का कारों की बिक्री का कारोबार है. उसने आनलाइन फार्च्यूनर कार की बिक्री के लिए बोली लगाई. 30.02 लाख रूपये में सौदा हुआ. रेहान का आरोप है कि कार मालिक भाजयुमो की ब्रज क्षेत्र मंत्री दिव्या चौहान निवासी वन सिटी कॉलोनी नाऊ की सराय खंदौली ने शनिवार को फार्च्यूनर गाड़ी देने के लिए दयालबाग में बुलाया. रेहान ने 27.25 लाख रूपये कैश और दो लाख रूपये के चेक दिए. बकाया एक लाख रूपये आरटीओ अाफिस में गाड़ी नाम होने के बाद देने की बात कही. इसके बाद दिव्या चौहान और उनके भाई उपदेश ने गाड़ी से उन्हें घर तक छोड़ने के लिए कहा. फार्च्यूनर से जैसे ही वन सिटी कॉलोनी पहुंचे, दिव्या चौहान और उनके भाई उपदेश गाड़ी की चाबी लेकर अपने घर के अंदर लेकर चले गए. आरोप है कि रेहान और उनके साथियों ने चाबी मांगी तो उनके साथ मारपीट की गई. इस मामले में पुलिस ने रेहान की तहरीर पर दिव्या चौहान, उनके भाई उपदेश चौहान, रिषभ, सतीश कुशवाह और अमित के खिलाफ मारपीट, बलवा और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था.