आगरालीक्स…आगरा ‘जाम’. हाइवे से लेकर बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों पर जाम ही जाम. हाइवे पर रेंगते दिखे वाहन….
रविवार को आगरा पूरे दिन जाम से जूझता रहा. शहर के मुख्य मार्ग हों या फिर हाइवे. बस अड्डे हो या फिर रेलवे स्टेशन हर तरफ जाने वाले मार्गों पर जाम ही जाम नजर आया. रविवार दोपहर के बाद से शुरू हुआ यह जाम रविवार शाम तब बदस्तूर जारी रहा. हाइवे पर तो जाम की ऐसी स्थिति थी कि सभी वाहन रेंगते—रेंगते हुए दिखाई दिए. शहर के चौराहों खासकर भगवान टाकीज चौराहा, सिकंदरा, रामबाग, टेढ़ी बगिया, खंदारी, पर सबसे ज्यादा जाम की स्थिति देखी गई.

परीक्षार्थियों के कारण लगा जाम
आगरा में शनिवार और आज रविवार को प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा यानी पीईटी का एग्जाम देने के लिए हजारों की संख्या में परीक्षार्थी आए हुए थे. रविवार को दूसरी पाली में एग्जाम खत्म् होने के बाद सड़कों पर हर ओर परीक्षार्थी ही नजर आए. रविवार को परीक्षा छूटने के बाद बस अड्डों से लेकर रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. रोडवेज बसों में सीटों के लिए भी मारामारी देखने को मिली. इधर आगरा कैंट और फोर्ट स्टेशन पर तादाद से ज्यादा लोग दिखाई दिए. जो भी ट्रेन आ रही थी वह हाउसफुल होकर जा रही थी. जनरल बोगी में जगह न मिलने पर अभ्यर्थी स्लिपर कोच में भी चढ़ गए और स्लिपर कोच भी खचाखच भरे नजर आए.