आगरालीक्स…आगरा में एमजी रोड पर ट्रेवल एजेंसी की बस ने निगम कर्मचारी को मारी टक्कर. मौत के बाद परिजनों का थाने पर हंगामा…
आगरा में गुरुवार को एमजी रोड पर दर्दनाक हादसा हो गया. नाई की मंडी के पास सुभाष पार्क के सामने धाकरान की ओर से आती बस ने बाइक सवार निगम कर्मचारी को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में निगम कर्मचारी की मौत हो गई. दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर भाग निकला. इधर कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों ने थाने पर हंगामा करना शुरू कर दिया. पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
घटना आज सुबह करीब सात बजे की है. थाना ताजगंज के गुतिला में रहने वाले मुरारी लाल पुत्र कप्तान सिंह नगर निगम में जेसीबी चालक थे. आज सुबह करीब सात बजे वह घर से बाइक पर नगर निगम ड्यूटी करने आ रहे थे कि सुभाष पार्क के सामने धाकरान की ओर से आती ट्रेवल एजेंसी की बस ने इन्हें अपनी चपेट में ले लिया जिससे मुरारी लाल बुरी तरह से घायल हो गए. हादसे के बाद बस चालक बस को लेकर वहां से भाग निकला. इधर लोगों ने घायल मुरारीलाल को एसएन अस्पताल में भर्ती कराया, यहां से हालत गंभीर होने पर परजिन उन्हें सिकंदरा स्थित हाइवे के एक अस्प्ताल पर ले गए जहां डॉक्टरों ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया.

निगम कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों ने थाना नाई की मंडी पर हंगामा करना शुरू कर दिया. वह आरोपी ट्रेवल एजेंसी के बस चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. पुलिस का कहना है कि बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. बस नबर और वह किस ट्रेवल एजेंसी की है इसके लिए सीसीटीवी की मदद ली जा रही है.