आगरालीक्स…ताजमहल पर फिर पर्यटक को बंदर ने काटा. न्यूजीलैंड के पर्यटक के कूल्हे में काट लिया. पर्यटक को नहीं मिली एंटी रैबीज वैक्सीन…
आगरा के लिए यह शर्मसार वाली बात है कि लगातार देशी विदेशी पर्यटक ताजमहल पर बंदरों का शिकार हो रहे हैं. बंदर लगातार पर्यटकों को अपना शिकार बना लेते हैं और अचानक हमला कर उन्हें काट खा लेते हैं, और ये घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. हाल ही में नगर निगम द्वारा बंदरों की नसबंदी को लेकर भी बात हुई थी जिसको लेकर वन विभाग ने अनुमति भी दे दी है, लेकिन अभी ये अभियान चालू नहीं हुआ है, लेकिन इससे पहले ही बंदरों के उत्पात और उनके आक्रामक होकर पर्यटकों के काट खाने की घटनाएं सामने आ रही हैं.

बुधवार को एक विदेशी कंपनी के आठ क्रू सुबह—सुबह ताजमहल देखने के लिए यहां आए थे. इनमें न्यूजीलैंड के रहने वाले स्टीव भी शामिल थे. बताया जाता है कि वह ताजमहल के पश्चिमी गेट स्थित एक रेस्टोरेंट के पास खड़े थे कि तभी अचानक पीछे से आए बंदर ने स्टीव को कूल्हे पर काट लिया. इससे वहां मौजूद अन्य पर्यटकों में चीख पुकार मच गई. स्टीव को तुरंत अन्य सदस्य और गाइड स्मारक के अंदर ले गए, यहां एएसआई के कर्मचारियों ने पर्यटक को प्राथमिक उपचार किया लेकिन यहां एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी. बाद में कंपनी के माध्यम से दिल्ली में संपर्क किया गया . दिल्ली में वैक्सीन लगने का आश्वासन मिलने के बाद पूरा क्रू ताजमहल देखकर लौट गया.