आगरालीक्स… आगरा में देव प्रबोधिनी एकादशी के लिए बैंड-बाजा, मैरिज होम बुक, मंदिर, धर्मशालाओं में भी जगह नहीं। खाली स्थानों की तलाश। बारातें दिन में निकलेंगी।
बैंड-बाजा और मैरिज होम हो चुके हैं बुक
देव प्रबोधिनी देवठान एकादशी से शुभ विवाह शुरू हो जाएंगे। चार और पांच नवंबर को देव प्रबोधिनी देवठान एकादशी मनाई जा रही है। इस साल का यह इकलौता अनबूझा सहालग है। इसके लिए बैंड, बाजा, मैरिज होम कई महीने पहले बुक किए जा चुके हैं। शहर के वैंक्यूट हाल, धर्मशालाएं, मंदिर कई माह पहले बुक हो चुके हैं। इस साल शुभ विवाह की दस तारीखें है। इन सभी तारीखों के अलावा अगले साल जनवरी और फरवरी के सहालग के लिए भी मैरिज होम और बैंड-बाज बुक हो चुके हैं।

कैटर्स और हलवाई ढूंढे नहीं मिल रहे
सहालग में हलवाइयो को लेकर भी मारामारी चल रही है। सहालग के लिए कैटर्स को भी हलवाइयों के लिए इधर-उधर भागना पड़ रहा है, क्योंकि कुछ कैटर्स ने हलवाइयों तोड़ लिया है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आगरा के हलवाइयों की दूसरे शहरों में मांग होने के कारण बहुत से हलवाई, जयपुर, ग्वालियर आदि के लिए बुक हो गए हैं। शादी के दिनों में घरों रोजाना खाना बनाने के लिए कारीगरों के साथ पूड़ी बेलने वाली महिलाएं भी नहीं मिल रही हैं। दिन में ही निकलेगी बारात
लोहामंडी निवासी विनय कुमार ने बताया कि हमारे घर में चार नवंबर की शादी है। बारात दिन में निकलेगी क्योंकि शाम के समय का कोई बैंड बुक नहीं हो सका है। मैरिज होम की जगह मंदिर में शादी का इंतजाम किया गया है।
सड़क के सहारे टैंट लगाकर होंगी शादियां
विजय नगर के समीप रहने वाले राकेश और उनकी पत्नी बीना का कहना था कि खर्चे बहुत बढ़ गए हैं। हर चीज महंगी मिल रही है। मैरिज होम, धर्मशाला करना हमारे बस का नहीं था। सड़क के सहारे ही टैंट लगवाने की व्यवस्था की गई है।